जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, महिला सहित 4 को लगी गोली (Video)

7/7/2018 11:11:08 AM

करनाल (विकास मेहला): रायपुर जाटान गांव में भूमि विवाद के चलते 2 पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर गोलियां बरसा दी जिसमें 6 लोग घायल हो गए। एक महिला सहित 4 लोगों को गोली लगी। लहूलुहान अवस्था में 3 व्यक्तियों को करनाल ट्रामा सैंटर ले जाया गया, जबकि 3 व्यक्तियों को घरौंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद इन तीनों को भी करनाल रैफर कर दिया। 

जानकारी के अनुसार गत दिवस दलबीर उसकी पत्नी संतोष, भतीजे प्रवीन व भूपेंद्र अपने खेतों में काम कर रहे थे कि दूसरे पक्ष के पवन व उसके पिता हवा सिंह के बीच आपसी कहासुनी हो गई जो बाद में झगड़े में बदल गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में दलबीर उसकी पत्नी संतोष, दोनों भतीजे प्रवीन व भूपेंद्र को गोलियां लगी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में किसान घटनास्थल की ओर दौड़े और भूपेंद्र, दलबीर व संतोष को करनाल ट्रामा सैंटर भेजा और प्रवीन को घरौंडा सी.एच.सी. में भेजा गया। दूसरे पक्ष 2 व्यक्ति पवन व उसके पिता हवा सिंह को चोटें आई। जिन्हें इलाज के लिए घरौंडा सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।  

देर शाम को हुई इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 5 जिंदा कारतूस व कुछ खोल बरामद किए। पुलिस के मुताबिक जमीन को लेकर दोनों पक्षों का काफी पुराना विवाद चल रहा है जिसको लेकर ही शुक्रवार की सायं दोनों पक्षों में विवाद हुआ। दोनों तरफ से एक महिला सहित 6 व्यक्ति घायल होने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। 

घरौंडा सरकारी अस्पताल में तैनात डाक्टर निखिल बंसल के मुताबिक देर शाम को रायपुर जाटान गांव से झगड़े के मामले में 3 व्यक्तियों को घरौंडा अस्पताल में लाया गया था जिनमें से एक व्यक्ति प्रवीन की छाती में गोली लगी थी। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे करनाल रैफर कर दिया गया है। जबकि हवा सिंह व पवन को चोटें आई थी। उन्हें भी प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रैफर कर दिया गया है। प्रवीन की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।  

पुलिस ने कहा कि देर शाम को रायपुर जाटान गांव में भूमि विवाद के चलते 2 पक्षों में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही हम कुछ बता पाएंगे। 

Nisha Bhardwaj