हरियाणा मंडी बोर्ड की बड़ी लापरवाही, अनाज मंडी में फसल रखने के लिए नहीं मिल रही जगह

9/23/2019 9:36:51 AM

पंचकूला(उमंग): पंचकूला के सेक्टर 20 में बनी अनाज मंडी में हरियाणा मंडी बोर्ड की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बोर्ड की लापरवाही के चलते किसानों को जीरे की फसल अनाज मंडी में रखने के लिए जगह नहीं मिल रही है। इसके चलते उन्हें जीरे की फसल पंचकूला के सेक्टर-5 के पार्किंग ग्राउंड में खुले में रखनी पड़ रही है। किसानों को अब डर सता रहा है कि अगर कहीं बारिश होती है तो उनकी फसल बर्बाद हो जाएगी। 



यह नजारा इस बार का ही नहीं है। किसानों की माने तो उन्हें पिछली बार ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हरियाणा मंडी बोर्ड की बड़ी लापरवाही के चलते पंचकूला के सेक्टर 20 में बनी अनाज मंडी में सेब व्यापारियों का कब्जा हो गया है। हिमाचल प्रदेश से आए हजारों ट्रकों में सेब की फसल को अनाज मंडी में सेब व्यापारियों व किसानों द्वारा रखा गया है। इसके चलते अनाज मंडी में जीरी की फसल रखने के लिए किसानों के लिए कोई जगह नहीं है। 



किसानों को मजबूरन पंचकूला के सेक्टर 5 के परेड ग्राउंड की पार्किंग में अपनी फसल को खुले में रखना पड़ रहा है। ऊपर से मुसीबत यह है कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की मौसम विभाग द्वारा 22 सितंबर से लेकर 26 सितंबर तक कहीं-कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश की अनुमान लगाया गया है। ऐसे में आज भी सुबह जब पंचकूला में बादल छा गए तो किसानों की भी चिंता बढ़ गई। किसानों ने बताया कि पिछले साल भी ऐसा ही हुआ था। इसके चलते फसल पर तिरपाल ढकने के बावजूद फसल नमी की वजह से खराब हो गई थी। जिसके कारण उन्हें सरकारी रेट से 250 रुपये कम में अपनी फसल बेचनी पड़ी थी।

Shivam