फर्नीचर व्यापारी ने की आत्महत्या, आठ पन्नों के सुसाइड नोट में लिखे जिम्मेवारों के नाम

3/10/2019 7:06:04 PM

सोनीपत(पवन राठी): सोनीपत की कैलाश कालोनी निवासी फर्नीचर व्यापारी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। व्यापारी ने फाइनेंसरों के साथ ही परिवार की एक महिला पर भी दहेज के झूठे मुकदमें में फंसाकर परेशान करने का आरोप लगाया है। व्यापारी ने परिवार को फाइनेसरों से बचाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने इस संबंध में फाइनेंसरों व परिवार की महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, कैलाश कालोनी निवासी ईश्वर सिंह ने जहर निगल लिया। तबीयत बिगडऩे पर परिजन उन्हें लेकर अस्पताल में पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ईश्वर सिंह फर्नीचर का व्यापार करते थे। खुद ही फर्नीचर का निर्माण करने के साथ उसे बेचते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।



परिजनों ने बुजुर्ग के पास से मिला आठ पेज का सुसाइड नोट पुलिस को दिया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह और उसका परिवार कर्ज में बुरी तरह फंस चुका है। वह कर्ज से कई गुणा ज्यादा रुपये फाइनेंसरों को दे चुका है। उसके बावजूद उससे पैसों की मांग की जाती है। फाइनेंसर उसके बेटे सुनील को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

आरोप है कि कर्ज देने वाले लोग उससे जबदस्ती चेक पर साइन करवा चुके हैं, वह दंबग लोग हैं, रुपये न देने पर पूरे परिवार को खत्म कर सकते हैं। बुजुर्ग व्यापारी ने परिवार की एक महिला पर भी आरोप लगाए हैं। उसने महिला व उसके परिजनों पर झूठे दहेज के केस में फंसा कर पूरे परिवार को बर्बाद करने का आरोप लगाया। महिला के मायके वालों पर तांत्रिक क्रिया करने का भी आरोप लगाया है। 

सुसाइड नोट में बुजुर्ग ने प्रदेश सरकार के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई है कि उसके परिवार को बचा लिया जाए। पुलिस ने मामले में व्यापारी के बेटे सुनील के बयान पर चार फाइनेंसर समेत परिवार की महिला व अन्य पर आत्महत्या को विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Shivam