ओपी धनखड़ के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर बोले बराला, लंबे अनुभव के आधार पर हुआ उनका चयन

7/19/2020 5:29:19 PM

फ़तेहाबाद(रमेश): पूर्व कृषि मंत्री ओपी धनखड़ को हरियाणा भाजपा का नया अध्यक्ष चुने जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि पूर्व मंत्री ओपी धनखड़ का अध्यक्ष के तौर पर चयन अनुभव के आधार पर हुआ है और केंद्रीय नेतृत्व का यह फैसला बहुत ही सराहनीय है।

सुभाष बराला ने कहा कि ओपी धनखड़ पूर्व में मंत्री रहे हैं, भाजपा के संगठन में कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने काम किया है, इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी में कई मोर्चों पर ओपी धनखड़ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। ऐसे में मुझे पूर्ण विश्वास है कि नए अध्यक्ष के तौर पर ओपी धनखड़ अपने लंबे अनुभव के जरिये हरियाणा में भाजपा के संगठन को और मजबूती प्रदान करेंगे और उनके नेतृत्व में संगठन और बेहतर ढंग से कार्य करेगा।

नए अध्यक्ष के चयन पर सुभाष बराला ने केंद्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया है। सुभाष बराला ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त होने के बाद अपनी खुद की नई भूमिका के बारे में सवाल पर कहा कि भाजपा के संगठन में कार्यकर्ता को काम करने का अधिकार होता है। पार्टी संगठन में पद, जिम्मेदारी और भूमिका का चयन हमारा शीर्ष नेतृत्व करता है। बराला ने कहा कि अध्यक्ष रहते हुए भी एक कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी संगठन में वह (बराला) पूर्ण इमानदारी से काम करते आ रहे हैं और आगे भी पार्टी की ओर से जो भी नई भूमिका या जिम्मेदारी मुझे दी जाएगी उसे भी मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का कार्य करूंगा।

Isha