किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया काबू

3/23/2017 5:26:56 PM

पानीपत/समालखा(अजय/राकेश):समालखा में लावारिस हालत में मिली करीबन 11 वर्षीय किशोरी को गत दिवस  मैडीकल जांच के बाद बाल अनाथालय सौंधापुर भेज दिया गया। इस दौरान मौके पर सी.डब्ल्यू.सी. की टीम के अधिकारी व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। फिलहाल किशोरी से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि युवती के गुप्तांग को जलाने की आरोपित महिला को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। 

बता दें कि 11-12 वर्षीय एक लड़की रविवार को बाल अनाथालय सौंधापुर के प्रधान अमरजीत नरवाल को बस अड्डा समालखा के पास लावारिस हालत में घूमती हुई मिली जिसके बाद चौकी में ले आया तथा उसके बाद किशोरी को अनाथालय सौंधापुर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह अनाथालय की महिला वार्डन लड़की को नहला रही थी, इस दौरान उसके गुप्तांग के पास जलने के निशान देखने के बाद उन्होंने अनाथालय संचालक अमरजीत नरवाल को बताया। सूचना मिलने पर अनाथालय संचालक अमरजीत नरवाल ने लड़की को सी.डब्ल्यू.सी. के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता हनुमान कालोनी में कमला के घर किराए पर रहते थे। करीबन 2-3 माह पहले उसकी मां रेखा व बाद में पिता विनोद घर से चले गए और घर वापस नहीं लौटे। इसके बाद मकान मालिक ने संजना (काल्पनिक नाम) को अपने यहां रख लिया। किशोरी ने पुलिस व सी.डब्ल्यू.सी. के अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि कमला जबरन उससे घर का काम करवाती थी व उसके पुत्र सुनील ने कई बार किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वहीं कमला ने अपने पुत्र के कुकृत्य को छिपाने के लिए किशोरी के गुप्तांग को गरम कोयले से जला दिया। 


मंगलवार को किशोरी का मैडीकल कराया गया, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की गई। महिला थाना पुलिस ने बुधवार को आरोपी सुनील के खिलाफ मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए उसे समालखा से ही गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बच्ची के स्वास्थ्य से संबंधित संपूर्ण कार्रवाई के दौरान मुख्य रूप से बाल अनाथालय संचालक अमरजीत नरवाल, सी.डब्ल्यू.सी. विभाग से को-ऑर्ड्नेिटर सुनीता देवी व अनीता कश्यप आदि उपस्थित रहे। बुधवार शाम को सी.डब्ल्यू.सी. की टीम बच्ची को लेकर बाल कल्याण समिति लेकर पहुंची, जहां महिला थाना प्रभारी कविता ने बच्ची को अनाथालय संचालक के हवाले कर दिया। इसके बाद बच्ची को बाल अनाथालय भेज दिया गया। अनाथालय संचालक अमरजीत नरवाल ने बताया कि अनाथालय में किशोरी अन्य बच्चों के साथ काफी घुल-मिल गई है और खुश नजर आ रही है। 

समालखा चौकी इंचार्ज अतर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक सुनील को बुधवार सुबह समालखा अड्डे के पास से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले लिया गया है। उसने पूछताछ के दौरान किशोरी से दुष्कर्म की बात कबूली है। वहीं आरोपी सुनील की मां को पहले ही न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है। इसके साथ ही महिला डैस्क प्रभारी ए.एस.आई. योगेश कुमारी को किशोरी के मामले में ठीक से जांच न करने के कारण जिला पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा द्वारा निलंबित कर दिया गया है व ए.एस.आई योगेश कुमारी की विभागीय जांच करने के आदेश डी.एस.पी. हैडक्वार्टर जगदीप जगदीप दूहन को दिए हैं। इसके साथ ही मामले को महिला थाना में ट्रांसफर कर डी.एस.पी. विद्यावती को केस की जांच निगरानी करने के भी आदेश मिले हैं।