दहेज के दानव ने ली एक अौर विवाहिता की जान

7/23/2017 12:08:10 PM

पानीपत(अनिल कुमार):पानीपत के गांव सिवाह में फांसी का फंदा लगाकर एक महिला द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला के परिजनों का आरोप शादी के बाद से ही महिला के साथ मारपीट व् दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते थे। महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने पति ,सास नननद व देवर पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। 

जानकारी के अनुसार सोनिया की शादी करीब 11 साल पहले गांव सिंक में हुई थी। लड़की के परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। परिजनों का आरोप है कि सोनिया के ससुराल वाले उसे और दहेज़ लाने के लिए मज़बूर करते थे और उसे प्रताड़ित करते थे। हालांकि सोनिया ने इसकी शिकायत अपने परिजनों को भी की, लेकिन कई बार पंचायत के माध्यम से मामला शांत हो जाता था।

दो दिन पहले भी सोनिया के साथ उनके पति सतबीर ने गांव सिंक में मारपीट की थी। जिसके बाद सोनिया का भाई दीपक उसे अपने घर सिवाह गांव में लेकर आया था। देर रात सोनिया ने रस्सी का फंदा घर में लगे गाडर से लगाकर आत्महत्या की। सोनिया द्वारा एक सुसाइड नोट भी लिखा गया है। 

पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर सोनिया के पति, सास, देवर व नन्द के खिलाफ भारतीय दंड सहिता की धारा 306, 34 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।