6 दिन बाद शव से 200 मीटर दूर मिली खोपड़ी, पहचान के लिए होगा DNA टैस्ट(Video)

12/18/2017 11:19:48 AM

पिहोवा (पुनीत सांगर): 6 दिनों से निरंतर सर्च अभियान के तहत आखिरकार रविवार शाम पुलिस को मृतक रवि की खोपड़ी शव मिलने की जगह से लगभग 200 मीटर दूर मिली। पुलिस को मौके पर कुछ बाल व खून के धब्बे भी मिले। पुलिस ने फॉरैंसिक टीम को मौके पर बुलाकर नमूने एकत्रित करवाए ताकि डी.एन.ए. टैस्ट यह पता चल सके कि यह खोपड़ी मृतक रवि की ही है या किसी और की। जांच के लिए इसे खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। वहीं धड़ का पोस्टमार्टम हुआ था।

डी.एस.पी. धीरज कुमार व थानाध्यक्ष प्रतीक कुमार ने बताया कि रवि की हत्या के बाद से पुलिस मामले की जांच में लगी थी। परिजनों की संतुष्टि के लिए खोपड़ी का मधुबन लैब से डी.एन.ए. टैस्ट करवाया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द डी.एन.ए. की रिपोर्ट मंगवाई जाए। मौके पर डी.एस.पी. धीरज कुमार, सी.आई.ए.-2 के इंचार्ज दीपेंद्र राणा सहित अनेक पुलिसकर्मी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि 12 दिसम्बर को ड्रेन बाईपास के समीप सिर कटा शव मिला था। मृतक की दोनों बाजुओं पर लिखे नामों व छाती पर दिल के बने निशान से मृतक रवि की पत्नी सुनीता ने शव की पहचान की थी।