महिलाओं के जरिए साइबर ठगी करने वाला गिरोह चढ़ा हरियाणा पुलिस के हत्थे

5/6/2022 5:49:30 PM

फरीदाबाद(अनिल): फरीदाबाद पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो 1500 से अधिक  लोगों से साइबर ठगी कर चुका है. इस गिरोह ने पूरे देश के लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे 25 करोड़ रूपये से अधिक के साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में नाइजीरियन और घाना निवासी लोगों समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल फरीदाबाद पुलिस को दिसंबर 2021 में साइबर फ्रॉड को लेकर एक शिकायत प्राप्त हुई थी। पीड़ित ने अपने साथ साढ़े 7 लाख रूपयों  का फ्रॉड होने की बात कही थी। इस मामले में जब जांच शुरू की गई तो पुलिस को नाइजीरिया और घाना के निवासियों की संलिप्तता का भी पता चला। पुलिस के मुताबिक यह लोग पहले फेसबुक से दोस्ती के बहाने अपने शिकार का व्हाट्सएप नंबर जान लेते थे। फिर इनकी एक महिला साथी उन्हें कॉल कर, गिफ्ट के तौर पर ब्रिटेन से पाउंड भेजने की बात कहती थी। इसके बाद कस्टम्स पर आ रही परेशानी का बहाना बनाकर, कुछ पैसों की डिमांड करती। फिर इसी तरह से धीरे-धीरे लोगों का बैंक खाता खाली कर देते थे।

डीसीपी नीतीश अग्रवाल ने बताया कि मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स की मदद से इस तरह की 1 हजार 548 शिकायतें लिंक की गई हैं और इसमें पूरे देश में 70 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आज तक यें आरोपी कभी भी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। इसलिए इन आरोपियों की गिरफ्तारी फरीदाबाद पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से 1 लाख 39 हजार रूपये  कैश भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि अभी इनके कुछ साथी फरार हैं। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 

Content Writer

Vivek Rai