आदित्य इंसा को पकड़ने में नाकाम हरियाणा पुलिस, इनामी राशि बढ़ाकर की 5 लाख

2/8/2018 6:49:26 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): पंचकूला हिंसा के मोस्ट वांटड आदित्य इंसा को पकड़ने में नाकाम हरियाणा पुलिस ने आखिर हाथ हाथ खड़े कर दिए है। अब उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील की है। इतना ही नहीं पुलिस ने आदित्य इंसा को पकड़ने के लिए इनामी राशि भी बढ़ा कर दो लाख से पांच लाख रूपये कर दी है। हरियाणा पुलिस की सांस पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद फूली हुई है। यह जानकारी पंचकूला हरियाणा पुलिस की प्रवक्ता आईजी ममता सिंह ने दी।

गौरतलब है कि पिछले साल 25 अगस्त को पंचकूला में जो हिंसा फैली थी उस मामले में आदित्य इंसा भी मुख्य आरोपियों में से एक है।आदित्य इंसा करीब पांच महीने से हरियाणा पुलिस की आंखों में धुल झोंक रहा है। चप्पे चप्पे पर आदित्य इंसा को तलाश रही हरियाणा पुलिस ने पडोसी राज्यों में भी आदित्य इंसा के पोस्टर छपवाएं मगर हाथ खाली है। हरियाणा पुलिस की नाकामी पर सख्त टिपण्णी करते हुए पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट ने हाल ही में पूछा था कि क्यों ना आदित्य इंसा को पकड़ने का मामला पंजाब पुलिस को दे दिया जाए। 

हनीप्रीत के बाद आदित्य इंसा ने भी हरियाणा पुलिस की खूब किरकिरी करा रखी है।साथ ही बिपासना जैसे आरोपी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। अब देखना ये होगा कि  क्या पुलिस आदित्य इंसा को ढूंढने में कामयाब हो पाती है या एक बार फिर कोर्ट को इस मामले में हरियाणा पुलिस पर टिप्पणी करने का मौका मिलेगा।