कर्फ्यू लगते ही सील हुए हरियाणा-पंजाब बार्डर, हजारों गाडिय़ां जाम में फंसी

3/23/2020 6:41:10 PM

पंचकूला / सिरसा (उमंग): कोरोना वायरस से बचाव के लिए पंजाब सरकार ने पंजाब में कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है, जिसके चलते राज्य में सीमाबंदी शुरू हो गई है। इसी क्रम में हरियाणा-पंजाब के बार्डर भी सील किए जा रहे हैं। पंचकूला-जीरकपुर बॉर्डर पंजाब पुलिस द्वारा सील किया गया, जिस कारण हजारों गाडिय़ों लंबे जाम में फंसी हुई। पंजाब में कर्फ्यू के ऐलान के बाद दोनों राज्यों के सीमांतवासियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। पंचकूला से पंजाब जाने वाले कई लोग पंचकूला में ही फंसे हुए हैं।



हालांकि, जाम में फंसे कई लोगों की लापरवाही यह देखने को मिली कि ट्राइसिटी में लॉक डाउन के बावजूद लोग गैरजरूरी कामों के लिए सड़कों पर निकले। पंजाब सरकार के कर्फ्यू के ऐलान के बाद पंजाब से लगते सभी बॉर्डर सील किए गए हैं। हरियाणा के पंचकूला से साथ लगते पंजाब के जीरकपुर का भी बॉर्डर सील किया गया।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है व साथ ही बॉर्डर पर हैवी बैरिकेडिंग की गई। इस दौरान जाम में फंसे लोग पुलिस अधिकारियों के साथ उलझते दिखे, वहीं पुलिस अधिकारी लोगों को समझाते और कर्फ्यू की जानकारी देते हुए पाए गए।



वहीं सिरसा पंजाब में कर्फ्यू लगने के बाद हरियाणा से पंजाब की तरफ जाने वाले रास्तों पर पंजाब पुलिस के जवान तैनात किए गए। हरियाणा पंजाब बॉर्डर से एंट्री बंद हो चुकी है। सिरसा से सरदूलगढ़ की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने नाके लगा दिए हैं।

Shivam