अलग विधानसभा की मांग के बाद हरियाणा ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की उठाई मांग

11/28/2022 10:09:47 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश की राजधानी में अलग विधानसभा भवन बनाने की मांग कर रहे हरियाणा ने अब चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग उठा दी है। हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के नाम के साथ पंचकूला का नाम लगाने की मांग की है। हरियाणा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने रेलवे स्टेशन का नाम चंडीगढ़-पंचकूला रखे जाने की वकालत की है। बता दें कि इससे पहले हवाई अड्डे के नाम को लेकर भी हरियाणा व पंजाब में विवाद रहा है।

हरियाणा विधानसभा स्पीकर ने कहा है कि इस रेलवे स्टेशन का नाम चंडीगढ़-पंचकूला रेलवे स्टेशन होने से पंचकूला आने वाले यात्रियों को विशेष लाभ होगा। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर पंचकूला जाने वाले यात्री असमंजस में रहते है कि उन्हें पंचकूला के लिए कहां से जाना है। इसी दुविधा में कुछ यात्री कालका रेलवे स्टेशन तक भी पहुंच जाते हैं।


हरियाणा विधानसभा स्पीकर ने सोमवार को बताया कि उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बातचीत की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा एक प्रस्ताव तैयार कर भिजवाया जाए। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम चंडीगढ-पंचकूला रेलवे स्टेशन रखने के लिए रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है। हरियाणा सरकार द्वारा केंद्र को लिखे गए पत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर पंचकूला की ओर भी 24 घंटे रिजर्वेशन काउंटर बनाने,वेटिंग लाउंज, पार्किंग व अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

 

Content Writer

Gourav Chouhan