हरियाणा में अक्टूबर में सामान्य से 268% ज्यादा बारिश, पिछले 3 साल का रिकॉर्ड टूटा.. ये जिला छोड़ पूरे प्रदेश में जमकर बरसे बादल
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 03:11 PM (IST)
डेस्क: हरियाणा में इस बार अक्टूबर महीने में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अक्टूबर महीने के दौरान 34.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में केवल 9.4 मिलीमीटर बारिश होती है। यह आंकड़ा सामान्य से 268 प्रतिशत अधिक रहा।
मौसम विभाग के वर्ष 2001 से 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अक्टूबर में हुई बारिश पिछले 26 वर्षों में तीसरी सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले वर्ष 2022 में 35.9 मिमी और वर्ष 2004 में 52.5 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। वहीं पिछले तीन सालों की तुलना करें तो वर्ष 2023 में 10 मिमी, 2024 में 0.5 मिमी और 2025 में 30.1 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
करनाल में टूटा 25 साल पुराना रिकॉर्ड
करनाल जिले में 64 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो वर्ष 2001 के बाद अक्टूबर महीने का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इससे पहले वर्ष 2014 में यहां 43.1 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सोनीपत में 85.3 मिमी, पानीपत में 78.8 मिमी और गुरुग्राम में 67.9 मिमी रिकॉर्ड की गई।भिवानी रहा सूखा: भिवानी एकमात्र ऐसा जिला रहा, जहां सामान्य से काफी कम (केवल 1.3 मिमी) बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 84 प्रतिशत कम है।