मामूली कहासुनी का खौफनाक बदला, चाकुओं से किया लहूलुहान

2/22/2017 8:18:47 PM

रेवाड़ी (मोहिंदर भारती):बीती रात एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने नई बस्ती मोहल्ले में एक युवक पर चाकुओं से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। उसके पेट, पैर व कंधे पर 3 वार किए गए। गंभीर रूप से घायल युवक को ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया गया जहां से उसे रैफर कर दिया गया। हमले की सूचना पाकर केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह उससे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार भी कर लिया है। जानकारी के अनुसार सज्जन कालोनी निवासी व राव इंद्रजीत सिंह समर्थक श्योलाल गुर्जर का 26 वर्षीय बेटा विकास वीर नगर के रेलवे रोड पर एक होटल चलाता है। कुछ माह पूर्व उसकी नई बस्ती में रहने वाले कर्ण गुर्जर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसके बाद कर्ण किसी वारदात में जेल में बंद हो गया था। कुछ दिन पूर्व ही वह जमानत पर बाहर आया था। बीती रात उसी बात को खत्म करने के लिए विकास वीर उससे मिलने के लिए नई बस्ती में गया था। इसी दौरान कर्ण गुर्जर, उसका भाई अर्जुन, पिता लोकेश, सन्नी, रोहित व अन्य लोग वहां पहुंच गए और विकास वीर पर हमला कर दिया। कर्ण ने जेब से चाकू निकालकर विकास वीर के पेट व शरीर के 3 हिस्सों पर गंभीर वार किए जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

वहीं सूत्रों के अनुसार इस वारदात के बाद कर्ण गुर्जर अपने साथियों के साथ ट्रामा सैंटर में भी पहुंचा था जहां भीड़ ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिटी पुलिस ने घायल को तुरंत ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया। विकासवीर के गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे प्राइवेट अस्पताल में रैफर कर दिया। सिटी पुलिस के थाना प्रभारी कर्मबीर खटाना ने बताया कि इस मामले में कर्ण गुर्जर, अर्जुन, लोकेश, सन्नी, रोहित, नितेश के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकद्दमा दर्ज किया है। पुलिस ने 4 लोगों कर्ण, लोकेश, रोहित, नीतिश को गिरफ्तार भी कर लिया है।