विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, 6 महीने पहले हुई थी शादी

6/12/2017 3:12:28 PM

रेवाड़ी(पवन कुमार):रेवाड़ी के गांव बेरली कलां में 20 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की 6 माह पहले ही शादी हुई थी। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप लगाते हुए मुकद्दमा दर्ज कराया है। 

जानकारी के अनुसार गांव काकोड़िया निवासी मोनिका की शादी नवंबर 2016 में गांव बेरलीकलां निवासी प्रीतम के साथ हुई थी। गत रात मोनिका ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। परिजनों ने फंदे पर शव लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद जाटूसाना थाना प्रभारी एस.आई. अजीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतारा जा चुका था। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। 

पुलिस ने रेवाड़ी सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।