दहेज के दानव ने ली एक अौर विवाहिता की जान, 5 साल पहले हुई थी शादी

9/14/2017 1:04:09 PM

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): जिला के गांव जाटूसाना में 26 वर्षीय एक विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार शहर के आनंद नगर निवासी 26 वर्षीय मोनिका की शादी 5 वर्ष पूर्व जाटूसाना गांव के महेश के साथ हुई थी।

पिता गोपाल सिंह खाती का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। जिसे लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच लोगों ने समझौता करवाया लेकिन ससुरालियों ने अपना पुराना रुख अपनाए रखा और मोनिका को प्रताड़ित करते रहे। इस प्रताड़ना  से मोनिका इतना टूट गई कि उसने दहेज दानवों के आगे घुटने टेक दिए और बीती रात उसने फंदा लगा लिया। जैसे ही ससुरालियों को इसका पता चला तो वे घर छोड़कर फरार हो गए। 

तत्पश्चात इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पिता की शिकायत पर पति महेश, ससुर अमर सिंह, हरकेश, सास बीना देवी, ननद के खिलाफ 5 लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि परिजनों की मानें तो ससुराल पक्ष के लोगों ने मोनिका की गला दबाकर हत्या की है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।