बड़ा फैसला: चंडीगढ़ और पंजाब के लिए हरियाणा रोडवेज बस सेवाएं बंद

11/25/2020 7:42:37 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा सरकार ने किसानों के दिल्‍ली कूच के मद्देनजर बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने चंडीगढ़ और पंजाब में हरियाणा रोडवेज बस सेवा बंद कर दी है। जब तक किसान आंदोलन जारी रहेगा, तब तक हरियाणा रोडवेज की कोई बस पंजाब और चंडीगढ़ नहीं जाएगी। इसके लिए सभी रोडवेज डिपो को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।



दरअसल, डेढ़ महीने से चल रहा किसानों का आंदोलन अब आक्रामक रूप धारण करता जा रहा है। पंजाब-हरियाणा के किसानों ने 26 नवंबर को दिल्ली कूच का ऐलान किया है। बुधवार सुबह से ही किसानों ने अपने कदम दिल्ली की तरफ बढ़ा लिए हैं। पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास कर रही है। 

हरियाणा पंजाब बार्डर पर आस-पास के गांवों से लोग आंदोलनकारी किसानों के लिए दूध और अन्य जरूरी सामान लेकर पहुंच रहे हैं। उधर, किसानों का कहना है कि सरकार ज़्यादती करेगी तो वहीं धरने पर बैठ जाएंगे। इन संगठनों का कहना है कि अगर उन्हें रोका जाता है तो पड़ोसी राज्यों से दिल्ली आने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। इनका कहना है कि देशभर के किसान दिल्ली मार्च करेंगे। इनको रास्ते में जहां भी रोका जाएगा, वह वहीं धरने पर बैठ जाएंगे। वहीं दिल्ली सरकार ने किसान संगठनों को रैली की इजाजत नहीं दी है।



हरियाणा पुलिस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
हरियाणा पुलिस ने लोगों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि 26-27 नवंबर को किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। 25-26 नवंबर को पंजाब से हरियाणा और 26-27 नवंबर को हरियाणा से दिल्ली जाने के प्रवेश स्थानों पर ट्रैफिक रोका जा सकता है।

vinod kumar