यूपी जाने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों पर लगा ब्रेक, जानिए क्या है वजह

6/19/2022 10:15:13 AM

फरीदाबाद: केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ पिछले तीन दिनों से देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। हरियाणा के फरीदाबाद जिले में भी कई जगह हिंसक प्रदर्शन की घटनाएं सामने आई। वहीं फरीदाबाद डिपो की की 2 बसों को प्रदर्शनकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश में आग के हवाले कर दिया गया।  इसके बाद एहतियात बरतते हुए हरियाणा रोडवेज की यूपी जाने वाली बसों पर ब्रेक लगा दिया गया है। अब फरीदाबाद डिपो से कोई भी हरियाणा रोडवेज की बस यूपी के किसी रूट पर नहीं जाएगी। पलवल, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, होडल, हथीन, पुन्हाना, पिन्हुवा, हसनपुर की ओर जाने वाली सभी बसों को रोकने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह निर्णय परिवहन विभाग द्वारा अनिश्चितकाल के लिए लिया गया है। रोडवेज के इस निर्णय से हरियाणा से यूपी जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे करीब एक दर्जन यूपी के रूटों पर आवाजाही प्रभावित होगी।

दरअसल,  फरीदाबाद डिपो  ये यूपी जाने वाली हरियाणा रोडवेज की 2 बसों को  उत्तर प्रदेश में प्रदर्शनकारियों ने तहस-नहस कर दिया।  यूपी के मथुरा और अलीगढ़ में हरियाणा रोडवेज की एक-एक बस में प्रदर्शनकारी युवाओं ने आग लगा दी। इस घटना के बाद रोडवेज अधिकारियों  और सरकार ने यूपी में हरियाणा की बसों की एंट्री पर फिलहाल रोक लगा दी है। हरियाणा रोडवेज की बसें अब केवल प्रदेश के बॉर्डर तक भेजी जा रही हैं। इसके चलते हरियाणा रोडवेज के करीब एक दर्जन से ज्यादा रूट बंद किए गए हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच बसों की आवाजाही प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।

इन रूटों पर बंद की बसें
आगरा जाने वाली 7 बसों, बुलंदशहर जाने वाली 2, अलीगढ़ के लिए 10, होडल के लिए रात्रि में जाने वाली बस व पुन्हाना व हसनपुर जाने वाली 1-1 व पिन्हवा की 2 बसों, हथीन की 4 बसों को यूपी जाने के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है। 

Content Writer

Isha