सड़कों पर लौटी जिंदगीः हरियाणा रोडवेज की बसें आज से हुई शुरू, देखिये बस अड्डों का नजारा

5/15/2020 10:37:48 AM

पंचकुला(उमंग)- हरियाणा के दस जिलों में आज से रोडवेज बसें शुरू हुो गई। 54 दिन के लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार से परिवहन सेवा दोबारा शुरू हो गई। आज सुबह आठ बजे बसें चलना शुरू हुईं। पहले चरण में सरकार ने दस जिलों में बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है।  यात्रा करने के लिए केवल ऑनलाइन पोर्टल www.hartrans.gov.in के माध्यम से ही बुकिंग की जा सकेगी। यात्रा के लिए मार्गों का विवरण और किराये से संबंधित जानकारी भी वैबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है। कैथल से अंबाला कैंट के लिए पहली बस रवाना हुई। इस दौरान बस में केवल 4 सवारियां बैठी थी। 

पहले चरण में अंबाला, भिवानी, हिसार, कैथल, करनाल, नारनौल, पंचकूला, रेवाड़ी, रोहतक व सिरसा डिपो से बस सेवा शुरू हुई है। यहां से चलने वाली बस कुरुक्षेत्र, जींद, चरखी दादरी व फतेहाबाद जिलों को भी कवर करेंगी।

इन दसों जिलों के रोडवेज महाप्रबंधकों को लिखित में इस बाबत निर्देश जारी किए गए। पत्र में स्पष्ट किया गया कि रोडवेज बस हरियाणा से बाहर और कोरोना वायरस से अधिक प्रभावित क्षेत्रों में नहीं जाएंगी। यात्रियों को बस यात्रा के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर टिकट की बुकिंग करवानी होगी। कन्फर्म बुकिंग वाले यात्रियों को ही बस अड्डों में प्रवेश करने की अनुमति होगी। एक बस में 30 से ज्यादा यात्री नहीं बैठ सकेंगे।

सिरसा(सतनाम)- पूरे प्रदेश में लॉक डाउन के चलते  थमे रोडवेज के पहिए आज से फिर सड़कों पर सरपट घूमने लगे हैं। प्रदेशभर से आज कुछ निश्चित रूटों के लिए बसें रवाना हुई हैं। सिरसा से भी आज एक बस पंचकूला के लिए सुबह 8:00 बजे बस अड्डा परिसर से रवाना हुई। रोडवेज जीएम खुबीराम कौशल ने खुद बस को रवाना किया। सवारियों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा की गई थी। सिरसा से पंचकूला जाने वाली इस बस के लिए 11 सवारियों ने अपने टिकट बुक करवाई थी जिसमें से एक टिकट रद्द हो गई।

चरखी दादरी (नरेन्द्र)- दादरी रोडवेज डिपो से आज बसों का संचालन नहीं किया गया है। हालांकि विभाग द्वारा बसों के संचालन की पूरी व पुख्ता तैयारियां की गई हैं। डिपो में मुख्यालय से सेनेटाइजर, पीपी किट, थर्मल सकेनिंग, मास्क सहित अन्य सामान भिजवाया गया है। आदेश मिलते ही दादरी से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

प्रभावित जिलों से नहीं जाएंगी बसें
इसी प्रकार,कोरोना वायरस से प्रभावित जिलों से गुजरने वाली बसें बाइपास या फ्लाईओवर से गुजरेंगी। प्रवक्ता ने बताया कि केवल कंफर्म बुकिंग वाले यात्रियों को ही बस अड्डïे में प्रवेश की अनुमति होगी। प्रत्येक बस में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अधिकतम 30 यात्रियों को ही बिठाया जाएगा। निर्धारित बस अड्डïे में प्रवेश से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी और प्रत्येक यात्री के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

बिना मास्क नहीं कर सकेंगे सफर
बिना मास्क पहने यात्री को बस में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर किसी कारणवश किसी मार्ग पर बस परिचालन संभव नहीं होगा तो प्रस्थान के समय से दो घंटे पूर्व सूचना के साथ बस परिचालन रद्द कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति यात्री द्वारा दिया गया 
किराया वापिस कर दिया जाएगा।

Isha