पंवार को हरियाणा रोडवेज चालक संघ ने सौंपा ज्ञापन, टला 28 का चक्का जाम

12/23/2017 12:53:56 PM

सोनीपत(ब्यूरो):हरियाणा रोडवेज चालक संघ की 28 दिसम्बर की प्रस्तावित हड़ताल (चक्का जाम) अब नहीं होगी। इसका आश्वासन स्वयं संघ के पदाधिकारियों ने परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार को दिया है। साथ ही संघ सदस्यों ने परिवहन मंत्री को अपनी मांगों के संदर्भ में एक ज्ञापन भी सौंपा। शुक्रवार को सोनीपत में जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता परिवहन मंत्री एवं समिति चेयरमैन कृष्णलाल पंवार ने की। बैठक के समाप्त होने के पश्चात हरियाणा रोडवेज चालक संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने परिवहन मंत्री से विशेष भेंट की।

परिहवन मंत्री से हुई सकारात्मक बैठक के बाद हरियाणा रोडवेज चालक संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि वह अब प्रस्तावित चक्का जाम नहीं करेंगे। बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई है, जिसमें परिवहन मंत्री ने भरोसा दिया है कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा। इस दौरान परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि हरियाणा रोडवेज चालक संघ के प्रतिनिधियों से बैठक सकारात्मक रही। चालक संघ के प्रतिनिधियों ने हड़ताल न करने का निर्णय लिया है जो स्वागत योग्य है। 

उन्होंने कहा कि हड़ताल से आम जनमानस को समस्याओं से जूझना पड़ता है। इससे नुक्सान की स्थिति उत्पन्न होती है, जिसका टलना सुखद है। उन्होंने कहा कि चालक संघ ने अपनी मांगों के संदर्भ में उन्हें ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में शामिल मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। बैठक में हरियाणा रोडवेज चालक संघ के प्रतिनिधियों के तौर पर कृष्ण कादियान तथा कर्मबीर नरवाल आदि शामिल थे। साथ ही संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।