Haryana Roadways Strike: हरियाणा में 2 दिनों तक रोडवेज बसों की हड़ताल, लोग हुए परेशान

3/28/2022 10:57:24 AM

डेस्क : हरियाणा में आने जाने वालों के लिए यह खबर बड़े काम की है। यहां आज और कल दो दिनों तक बसों का चक्का जाम रहेगा तथा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। वहीं हड़ताल को देखते हुए प्रदेश की खट्टर सरकार ने सभी रोडवेज डिपो में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए हैं। इसके साथ ही सभी जिलाधीश ने 28 से 29 मार्च तक बस स्टैंड की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगा दी है। 

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : केन्द्रीय व राज्य की विभिन्न कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर सोमवार से कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल शुरू हो गई है। हड़ताल में हरियाणा के सर्व कर्मचारी संघ से जुड़ी यूनियन भी शामिल होंगी, जिसके चलते रेवाड़ी में भी हड़ताल का पूरा असर दिखाई देने वाला है। खासकर रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने चक्का जाम करने का ऐलान किया है। जिसको देखते हुए बस स्टैंड से लेकर अंबेडकर चौक तक ड्यूटी मजिस्ट्रैट से लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा भी हड़ताल से निपटने के लिए प्रशासन की तरफ से व्यापक तैयारियां की गई हैं। केन्द्र एवं राज्य सरकार को रास्ते पर लाने के लिए कर्मचारियों को एकजुटता दिखानी होगी।

बताया जा रहा है कि सरकार कर्मचारी से लेकर आमजनता के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। सरकारी नौकरी के अवसर को खत्म कर निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। कर्मचारियों की मांगों को सरकार लगातार अनदेखा कर रही है। यहीं कारण है कि कर्मचारी यूनियन ने 28 और 29 मार्च को दो दिवसीय हड़ताल का निर्णय लिया गया है। रेवाड़ी में इस दो दिवसीय हड़ताल में सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े बिजली निगम, रोडवेज, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारी भाग लेंगे। कई जगह लगाए ड्यूटी मजिस्ट्रेट दो दिवसीय हड़ताल को देखते हुए प्रशासन ने भी कड़े प्रबंध किए है।

तहसीलदार प्रदीप देशवाल को रेवाड़ी बस स्टैंड पर ड्यूटी मजिस्ट्रैट लगाया गया है। इसी प्रकार नायब तहसीलदार को वर्कशॉप में ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। DTO गजेन्द्र शर्मा को ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है। डीटीओ तमाम रूट पर बसों के संचालन की व्यवस्था के साथ अन्य प्रबंध करेंगे। प्रशासन का दावा है कि रोडवेज बसों का संचालक किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। 

सोनीपत (सन्नी) : पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल करना नए कर्मचारियों की भर्ती करना व अन्य  मांगों को लेकर आज हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर हैं, आज हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने सोनीपत बस स्टैंड पर पहले तो सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाद में उन्होंने सरकार के खिलाफ वायदा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार सरकार ने उनकी मांगों को माना है लेकिन आज तक उन पर कोई भी अमलीजामा नहीं पहनाया गया है उन्होंने कहा कि सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करें और हरियाणा रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल करें ताकि नए रोजगार पैदा हो सके और हरियाणा रोडवेज में 50,000 के आसपास खाली पदों पर नई भर्तियां सरकार लेकर आएं ताकि बेरोजगारी कम हो सके।

फरीदाबाद (अनिल राठी) : कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का असर बल्लभगढ़ के जिला बस अड्डा पर भी दिखाई दिया। जहां पर रोडवेज कर्मचारियों ने पूरी तरह से चक्का जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि निजीकरण के विरोध और अन्य मांगों को लेकर यह हड़ताल की गई है। लगातार काफी दिनों से उनकी मांग है लेकिन सरकार मानने को तैयार नहीं है। 2 दिन की देशव्यापी हड़ताल में सभी कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इसके अलावा यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि उनको भारी परेशानी हो रही है लेकिन कोई भी साधन उन्हें आने जाने के लिए नहीं मिल रहा है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Manisha rana