आपस में ही लड़ रहे भाजपा के मंत्री-सांसद : हुड्डा

6/1/2017 10:22:05 AM

रोहतक:पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के चाहे सांसद हों या मंत्री, जनहित के लिए तो कोई निर्णय नहीं कर पाए, आपस में ही लड़ रहे हैं। भाजपा सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिसे लेकर वह जनता के बीच दोबारा जा सके। अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि जब भी चुनाव होंगे, भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता नकली गौभक्त हैं, असली गौभक्त तो वे खुद हैं। गौमाता पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने गौचरान भूमि को लेकर कुछ नहीं किया, शायद अगली सरकार कुछ कर दे। 

मेयर, डिप्टी मेयर व सीनियर डिप्टी मेयर को सस्पैंड करने के सवाल पर कहा कि जांच करो, अगर दोषी हो तो सजा दो। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को फेल बताया और कहा कि प्रदेश में लड़कियां ही सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सी.बी.आई. व ई.डी. जांच पर कहा कि उनके समय में कोई गलत काम नहीं हुआ। जांच की मांग उन्होंने खुद की है, इसलिए अब जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एस.वाई.एल. नहर के निर्माण के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है।