एशियन गेम्स में भारत को सिल्वर दिलाने वाली हरियाणा की बेटी उदिता का स्वागत

9/10/2018 8:40:44 PM

भिवानी(अशोक भारद्वाज): इंडोनेशिया के जर्काता में हुए 18वें एशियन खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम को सिल्वर मैडल दिलाने में हरियाणा की बेटी उदिता दुहन ने अहम भूमिका निभाई। भिवानी जिले के गांव नांगल की निवासी उदिता दुहन वह खिलाड़ी है, जिसने एशियन हॉकी खेलों के भारत के पहले ही मैच में प्रतिद्वंदी इंडोनेशिया के खिलाफ पहला गोल करके जीत की शुरूआत की थी। 31 अगस्त रात को हुए फाईनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम अंतिम मैच में जापान से मात खाने पर गोल्ड मेडल से चूक गई, लेकिन सिल्वर मैडल हासिल कर देश का नाम रोशन किया। हॉकी टीम की प्लेयर उदिता आज अपने घर भिवानी पहुंची और उनका लोगों ने भव्य स्वागत किया।



उदिता ने बताया कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 8-0 से हराया, दूसरे मैच में कजाकिस्तान को 21-0 के बड़े अंतर से हराया। तीसरे मैच में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया तथा चौथे मैच में थाईलैंड को 5-0 से हराया। सेमिफाईनल में चीन को 1-0 से हराकर अपना सिल्वर मैडल पक्का किया। फाईनल मैच में जापान 1-2 से भारत को हार मिली, इसलिए गोल्ड पदक हाथ से निकल गया।



1998 में जन्मी भिवानी जिला के गांव नांगल की उदिता दुहन ने बचपन से ही हॉकी की स्टिक को अपना लिया था। जिसके बाद उसने हिसार के पुलिस पब्लिक स्कूल में हॉकी कोच आजाद मलिक से प्रशिक्षण लिया तथा राज्य स्तर पर हॉकी में अपनी जगह बनाई। उन्होंने कहा कि अब वे ओलम्पिक की तैयारी करेंगी।

Shivam