अब हरियाणा के शेर और तेंदुए का भोजन हुआ महंगा

9/4/2018 9:23:02 AM

चंडीगढ़(अर्चना सेठी): हरियाणा के शेर, तेंदुओं और परिंदों का खाना-पीना महंगा हो गया है। मीट और दाने के दाम बढऩे से ऐसा हुआ है। एक महीने में 30,000 रुपए का मीट खाने वाले शेर के भोजन के लिए अब 52,000 रुपए चुकाने होंगे। यानी सालभर में शेर के भोजन का खर्च 3 लाख 60 हजार रुपए से बढ़कर 6 लाख 24 हजार रुपए तक पहुंच गया है। तेंदुए के लिए एक महीने के मीट का खर्च 30,000 से बढ़कर 39,000 रुपए हो गया है। 

यानी सालभर के खाने का खर्च 3 लाख 60 हजार रुपए से बढ़ाकर 4 लाख 68 हजार रुपए हो गया है। हाईना, जैकल और लंगूर का भोजन भी महंगा हो गया है। इसके अलावा दाना चुगने वाले परिंदों के आहार के दाम भी बढ़ गए हैं। इसमें 50 रुपए की वृद्धि हुई है। सांभर व हिरण के खाने के दाम 2000 रुपए महीना से बढ़कर 3200 रुपए हो गए हैं, जबकि काला तीतर, काला भालू, मगरमच्छ और मोर के आहार के दाम आज भी वही हैं, जो 7 साल पहले थे। 

मोर, काला तीतर के महीने का खर्च आज भी 1000 रुपए, काले भालू का महीने का खर्च 2000 रुपए, मगरमच्छ के महीने का खर्च 3200 रुपए है। हरियाणा के चिडिय़ाघरों में रहने वाले इन जानवरों को गोद लेने वालों को अब बढ़े हुए दामों को ध्यान में रखते हुए ही जानवरों को गोद लेना होगा। हरियाणा के वाइल्ड लाइफ डिपार्टमैंट ने जानवरों को गोद लेने के दाम भी बढ़ा दिए हैं। 

पंजाब केसरी इम्पैक्ट: फिर शुरू होगी एनिमल एडॉप्शन स्कीम 
एनिमल एडॉप्शन स्कीम की शुरूआत 7 साल पहले हरियाणा की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक के चिडिय़ाघरों की तर्ज पर की थी, ताकि जानवरों को बेहतर फीड मिल सके। शुरूआत में तत्कालीन फॉरैस्ट मिनिस्टर समेत कई मंत्रियों, सांसदों के अलावा तत्कालीन फॉरैस्ट ऑफिसर्स ने भी जानवरों को गोद लिया था परंतु इस स्कीम ने कुछ साल बाद ही दम तोड़ दिया। पंजाब केसरी द्वारा इस मामले पर खबर प्रकाशित किए जाने के बाद मौजूदा खट्टर सरकार के वन मंत्रालय ने एनिमल एडॉप्शन स्कीम दोबारा लांच करने का फैसला किया है।
 

Rakhi Yadav