हरियाणा की रातें जम्मू शहर से भी सर्द, महेंद्रगढ़ व दामला का रात्रि पारा 5.8 किया दर्ज

12/18/2023 9:49:02 AM

हिसार : हरियाणा में मौसम में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश के अनेक जिलों में रात्रि तापमान में गिरावट बनी हुई है। हरियाणा के 5 से ज्यादा जिलों में जम्मू शहर से भी ज्यादा ठंड पड़ रही हैं। जम्मू शहर में रात्रि तापमान 7.1 दर्ज किया गया है। महेन्द्रगढ़ व यमुनानगर का रात्रि तापमान 5.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जो इस प्रदेश में सबसे कम है। हिसार, पंचकूला, बावल में रात्रि पारा 7.1 डिग्री सैल्सियस से नीचे है। हिसार का रात्रि तापमान सामान्य से एक डिग्री सैल्सियस कम 6.2 डिग्री सैल्सियस रहा। वहीं मौसम विभाग ने सम्पूर्ण हरियाणा में 20 व 21 दिसम्बर को घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का असर देखने को मिला। 

उल्लेखनीय है कि हरियाणा, एन.सी.आर., दिल्ली में लगातार मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। बार- बार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके से तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आ रही है। बार-बार हवाओं की दिशा में बदलाव होने से तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज हो रहा है। साथ ही साथ सुबह से शाम तक सूरज की चमकदार धूप खिली रहने से दिन के तापमान में गिरावट देखने को नहीं मिल रही है। सम्पूर्ण हरियाणा में दिन के तापमान 20.0 से 25.1 डिग्री सैल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। केवल रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है हालांकि सभी जिलों में रात्रि तापमान एकल संख्या में पहुंचे हुए हैं। हरियाणा में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सैल्सियस से 9.0 डिग्री सैल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।

22 तक मौसम में रहेगा बदलाव

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मौसम विभाग ने हरियाणा में मौसम आमतौर पर 21 दिसंबर तक खुश्क रहने की संभावना जताई है। डा. मदन खिचड़ ने बताया कि इस दौरान हल्की गति से उत्तरपश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों अलसुबह धुंध रहने की संभावना है। परंतु 22 दिसंबर से राज्य में पश्चिमिविक्षोभ के आशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव होगा।


प्रमुख स्थानों का रात्रि तापमान

स्थान                            रात्रिपारा

महेन्द्रगढ़                        5.8

दामला (यमुनानगर)          5.8

हिसार                            6.2

पंचकूला                         6.0

बावल                            6.4

रोहतक                         7.4

अम्बाला                        7.1

बालसमंद                      7.2

सोनीपत                        7.5


(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana