चंडीगढ़ पर कायम रहेगा हरियाणा का अधिकार: मनोहर लाल

3/30/2022 6:40:22 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि चंडीगढ़ पर हरियाणा का अधिकार पहले भी था और आगे भी रहेगा। कर्मचारियों पर सर्विस रूल लागू करने से यह अधिकार खत्म नहीं होगा।गृहमंत्री अमित शाह के चंडीगढ़ आने और लिए गए फैसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक इस मुद्दे पर बात नहीं हो पाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ पर पंजाब और हरियाणा का जो 60 और 40 फीसदी का कोटा पहले भी लागू था वह आज भी लागू है। चंडीगढ़ से किसी भी प्रदेश का कोई हिस्सा छीना नहीं जा रहा है लेकिन यह भी सच्चाई है कि चंडीगढ़ अपने आप में एक केंद्र शासित प्रदेश है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान आर्थिक पैकेज की मांग पर मनोहर लाल ने कहा कि चुनावी वायदों को लेकर कटोरा लेकर मांगने जाना शर्मनाक है। राजनीति हमेशा आत्म निर्भरता पर होनी चाहिए ना कि कटोरा लेकर मांगने पर। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सत्ता संभालने वाली सरकार को चुनावी वादे करने से पहले सोचाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पहले जो गारंटियां दी हैं वह भविष्य को सोचकर देनी चाहिए थी क्योंकि पंजाब की जनता के प्रति जवाबदेही पंजाब सरकार की होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तो एक मुख्यमंत्री ने जनता को फ्री बांटने का वादा किया लेकिन जब चुनावी वादा पूरा करने की बात आई तो वह कटोरा उठाकर माननीय प्रधानमंत्री के पास चले गए। यह एक अच्छी परिपाटी नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजनीति स्वयं के दम पर होनी चाहिए, केंद्र से मांग कर राजनीति नहीं हो सकती है। यह जनमत का अपमान और प्रदेश की आत्मनिर्भरता के विरुद्ध है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

Content Writer

Manisha rana