हरियाणा के बेटे ने रचा इतिहास, यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर लहराया तिरंगा

7/8/2021 11:44:21 PM

ऐलनाबाद (सुरेंद्र सरदाना): शहर की झुग्गी बस्ती से निकलकर माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का सपना देखने वाले पर्वतारोही हुकमचंद उर्फ चांद माही ने इतिहास रच दिया है। उसने वीरवार को सुबह 6 बजे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुश पर तिरंगा लहरा कर दुनिया भर में देश व ऐलनाबाद का नाम रोशन कर दिया है। चांद माही ने इस सफ़लता के बाद भारत माता की जय के जयघोष लगाए और अपना संदेश देते हुए ऐलनाबाद निवासियों का आभार जताया। 

अपने इस अभियान के लिए चांद माही गत 1 अप्रैल को ऐलनाबाद से रूस रवाना हुआ था। उसे नागरिक अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के बीच पुष्पवर्षा करके व फूलमालाएं पहनाकर विदाई दी गई थी। ताकि वह इस अभियान में कामयाब होकर दुनिया भर में अपने देश भारत का झंडा व ऐलनाबाद का नाम रोशन कर सके। 

चांद माही ने रूस में माउंट एलब्रुस के नाम से प्रसिद्ध यूरोप की सबसे ऊंची 18500 फीट की चोटी को फतेह करने के लिए गत 3 जुलाई को यह अभियान शुरू किया था, जिसमें उसे वीरवार सुबह ही सफलता हासिल हुई है। चांद माही की इस उपलब्धि पर शहर के विभिन्न गणमान्यजनों ने बधाई देकर उसके जल्द घर वापस लौटने की कामना भी की है। 

आपको बता दें कि शहर की झुग्गी बस्ती में रहने वाले पर्वतारोही हुकमचंद उर्फ चांद माही ने इससे पहले हिमाचल में 15500 फीट से 18000 फीट तक की 6 चोटियों पर फतेह हासिल कर चुका है। उसके इन अभियानों के लिए यहां के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने आर्थिक मदद की थी। लेकिन उसके पास रूस आने जाने के लिए हवाई जहाज की टिकट का ख़र्चा और कोर्स की बाकी फीस भरने के लिए पैसों का अभाव था। उसे कई समाजसेवी संस्थाओं का सहयोग मिला, जिसके बाद अब उसने यूरोप की सबसे ऊंची छोटी माउंट एलब्रुश पर तिरंगा लहरा दिया है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
 

Content Writer

vinod kumar