महाराजा जस्सा सिंह अाहलूवालिया की जयंती पर सफीदों पहुंचे CM, दी करोड़ों की सौगात

5/7/2017 6:01:14 PM

सफीदों(सत्यदेव शर्मा):सफीदों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं की। दरअसल मुख्यमंत्री सफीदों में महाराजा जस्सा सिंह अाहलूवालिया के 300 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन एच.पी.एस.सी. सदस्य एडवोकेट विजयपाल ने किया था। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में देश भर से कई संत व् प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सफीदों क्षेत्र की विभिन्न मांगों को मंजूरी दी।  

सफीदों ड्रेन एंव सफीदों डिच ड्रेन का किया उद्घाटन 
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विश्राम गृह में सफीदों शहर की जीवन रेखा सफीदों ड्रेन एंव सफीदों डिच ड्रेन का उद्घाटन किया तथा उपमंडल परिसर में बनने वाले तीस रिहायशी भवनों का शिलान्यास भी किया। इन परियोजनाओं पर 16 करोड़ 29 लाख 81 हजार रुपए की राशि खर्च की जाएगी। सफीदों ड्रेन एंव डिच ड्रेन शहर से गंदा पानी निकालने के लिए बनाई गई हैं। इस पर 7 करोड़ 17  लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इसी प्रकार उपमंडल परिसर के 30 रिहायशी मकानों पर 9 करोड़ 12 लाख 81 हजार रुपए की राशि खर्च करने का प्रावधान किया गया है। 

मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएं 
मुख्यमंत्री ने सफीदों में हांसी ब्रांच के पास महाराजा सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर महाराजा सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया की त्रिशताब्दी समारोह में इस चौक का नाम सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया चौक रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंचकूला तथा भिवानी में सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया के नाम से चौक का नाम रखा जाएगा। इसी प्रकार सफीदों की आई.टी.आई. का नाम भी महाराजा सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया के नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक तीर्थ स्थल नाग क्षेत्र के विकास के लिए कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड से दो करोड़ 10  लाख रुपए उपलब्ध करवाने की मांग स्वीकार की। इसी प्रकार नगरपालिका क्षेत्र में सामुदायिक केन्द्र बनाने के लिए नगरपालिका के अधिकारियों को कहा गया है। सफीदों के ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी की समस्या के समाधान के लिए 4 करोड़ 15 लाख रुपए की परियोजनाओं का जिक्र भी मुख्यमंत्री ने किया। इसके अलावा लगभग आधा दर्जन सड़कों के निर्माण की मांग भी स्वीकार की। कुछ गांवों में व्यायामशाला स्थापित करने, स्कूल अपग्रेड करने, पशु अस्पताल बनाने की मांगों को भी मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया।

मंत्रियों से की राशि के सदुपयोग की अपील    
मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों और कार्यकर्त्ताओं को विकाश के लिए दी जानी वाली राशि के सदुपयोग की अपील की। उन्होंने पूर्व के प्रधानमंत्री द्वारा कही गई बात पर कहा कि गांव स्तर तक विकास के लिए निर्धारित एक रुपए में से सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर इस बीच में गायब होने वाली राशि को सुरक्षित कर लिया जाए तो निश्चित रूप से विकास कार्यो की गति को और तेज किया जा सकता है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए अनेक महत्वकांक्षी कार्यक्रम शुरू किए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को सरोपा व कृपाण भेंट कर सम्मानित किया गया। 

मंच पर शस्त्रों की प्रदर्शनी
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कीर्ति अभियान समिति के राष्ट्रीय संयोजक विजय पाल सिंह आहलूवालिया के प्रयासों से यहां महाराजा सरदार जस्सा सिंह आहलूवालिया के समय में प्रयोग लाए गए हथियारों का प्रदर्शन भी मंच पर किया गया। इसके अलावा इन हथियारों को जन साधारण के लिए एक प्रदर्शनी लगाकर भी प्रदर्शित किया गया। संयोजक विजय पाल सिंह ने सभी धर्म गुरुओं व बड़ी संख्या में आए इलाके के लोगों का धन्यवाद किया।