सी.एम. 24 को रखेंगे करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की आधारशिला: बेदी

6/17/2017 11:37:13 AM

शाहाबाद मारकंडा(सपरा):मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर 24 जून को शाहाबाद हलके में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने विश्रामगृह में पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री 24 जून को प्रात: 10 बजे शूगर मिल परिसर में जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। मुख्यमंत्री 1.87 करोड़ रुपए की विश्रामगृह में एक्सटैंशन, 85 करोड़ रुपए की शूगर मिल में एथोनल प्लांट, 3 करोड़ रुपए से हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ बिछाना, 1242.67 लाख की लागत से शाहाबाद-बराड़ा रोड फोर-लेन, 8.12 करोड़ की लागत से बनने वाले कलसाना-मोहनपुर पुल, झांसा के निकट 1,578 लाख की लागत से बनने वाले मारकंडा ब्रिज की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने नगरवासियों से सुझाव मांगे कि वे 2 दिन के अंदर-अंदर शाहाबाद के विकास के लिए सुझाव दें ताकि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकें।

किसान और कांग्रेस का कभी नहीं रहा मेल
बेदी ने कहा कि किसान और कांग्रेस का कभी मेल नहीं रहा लेकिन आज वही कांग्रेस किसानों को मुद्दा बनाकर अपनी पृष्ठभूमि ढूंढ रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा सी.बी.आई. से बचने के लिए किसानों की शरण में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस याद करे जब डी.ए.पी. खाद पुलिस थानों में मिलती थी। गन्ने के रेट के लिए किसान शूगर मिल में ताला लगा देते थे। यूरिया ब्लैक में बिकती थी। प्रदेश का किसान बिजली-पानी के लिए तरस रहा था। तब यह किसान हितैषी कांग्रेस कहां थी। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेसी नकली किसान बनकर किसान के हित की बात करने लग गए हैं। 

उन्होंने कहा कि आज किसान की दुर्दशा के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है क्योंकि देश एवं प्रदेश में लगभग 60 वर्ष कांग्रेस ने राज किया है। उन्होंने कहा कि हुड्डा प्रदेश में अशांति फैलाना चाहते हैं ताकि उनके काले कारनामे जनता के सामने न आ सकें।