विश्व कौशल प्रतियोगिता में हरियाणा ने झटके कई पदक

5/28/2018 10:55:34 AM

चंडीगढ़: हरियाणा ने जयपुर में आयोजित विश्व कौशल प्रतियोगिता (पश्चिम) में महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा पदक जीते हैं। हरियाणा कौशल विकास मिशन के निदेशक राज नेहरू ने बताया कि राज्य के 14 कौशल प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।

हरियाणा कौशल विकास मिशन (एच.एस.डी.एम.) द्वारा जोनल तथा राज्य स्तर पर ये प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जिनके विजेताओं ने आज रीजनल लैवल पर 14 पदक जीत प्रदेश का नाम रोशन किया। इंडिया स्किल वेस्ट प्रतियोगिता में हरियाणा के साथ-साथ महाराष्ट्र, हिमाचल, मध्य प्रदेश तथा गुजरात के युवाओं ने भाग लिया था।

राज नेहरू ने बताया कि विजेताओं में कौशल विश्वविद्यालय के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भी मैक्ट्रोनिक्स में पदक जीत नैशनल के लिए क्वालीफाई किया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विपुल गोयल ने सभी विजेताओं को बधाई संदेश देते हुए विश्वास जताया कि हरियाणा ने जिस प्रकार खेलों में अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाई है। उसी प्रकार हरियाणा हुनर के क्षेत्र में भी देश का नाम रोशन करेगा।

विजेताओं का विवरण, राज्य के कुल 7 विजेता और 7 रनरअप रहे। विजेताओं में मनोज (इलैक्ट्रॉनिक्स), सोनू लाठर ( ऑटोबॉडी रिपेयर), रितेश यादव (वैब डिजाइनिंग), रोशन (कार पेंटिंग), विनोद (प्लमबिंग एंड हीटिंग), पिंस (कुकिंग), जगत (रैस्टोरैंट सेवा) ने पहला स्थान प्राप्त किया तथा अमर (कारपेंटरी), रोहित और मनीष (मैक्ट्रोनिक्स), दीपक व राहुल (आर.ए.सी.), रोहित (कुकिंग) व मुकुल (रैस्टोरैंट सेवा) रनरअप रहे।

 

Rakhi Yadav