महिला का अधजला शव मिला, क्षेत्र में फैली सनसनी

3/20/2017 1:50:16 PM

सिरसा/नाथूसरी चौपटा(कौशिक/राजेश):नाथूसरी चौपटा थाने के अंतर्गत आने वाले गांव कागदाना में एक महिला का अधजला कंकाल मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परीक्षण के लिए कंकाल सिरसा के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मैडीकल कालेज भेज दिया। मृतका के परिजनों ने महिला की हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए जलाने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई कंवरपुरा निवासी बंसीलाल और गंगाधर ने बताया कि उनकी बहन माया देवी उर्फ भारती देवी (35) की शादी 13 साल पहले कागदाना निवासी रामसिंह के साथ हुई थी। रामसिंह की यह दूसरी शादी थी। 

मृतका के भाइयों ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को रामसिंह कई बार मारपीट करके प्रताड़ित करता था। उन्होंने रामसिंह के चरित्र पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि रामसिंह ने माया देवी की हत्या की है। हत्या के बाद उसकी लाश को खुर्द-बुर्द करने के लिए जला दिया। मायादेवी का अधजला कंकाल मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को सूचित किया तो चौपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे अग्रोहा रैफर किया गया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कागदाना निवासी रामसिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश आरंभ कर दी है।