क्लासरूम में हत्या की खौफनाक कोशिश, CCTV में फायरिंग की तस्वीरें

9/2/2017 1:49:41 PM

सोनीपत(पवन राठी): सोनीपत के राठधना रोड स्थित आई.टी.आई. (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) में क्लासरूम के अंदर ही 2 सहपाठियों ने एक छात्र को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर दोनों छात्र मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना के बाद आई.टी.आई. में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना के बाद प्राचार्य ने छात्र को अपनी कार में बिठाकर तुरंत अस्पताल में पहुंचाया। जहां छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद पी.जी.आई., रोहतक रैफर कर दिया। पुलिस ने इंस्ट्रक्टर के बयान पर 2 छात्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है। क्लासरूम में हुई पूरी वारदात वहां लगे सी.सी.टी.वी. में कैद हो गई है। वारदात कुछ दिन पहले हुए झगड़े की रंजिश में हुई बताई गई है। 

जानकारी के अनुसार गांव भठगांव निवासी मोहित आई.टी.आई. में एम.एम.टी.एम. (मैकेनिकल मशीन टूल्स मैंटीनैंस) प्रथम वर्ष का छात्र है। वह गत सुबह अपने क्लासरूम में थे। सभी छात्र वर्कशाप में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मोहित के सहपाठी सुमित निवासी कुराड़ व देवडू रोड निवासी कुनाल उसके पास जाकर खड़े हो गए। इसी बीच कुनाल ने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और मोहित की कमर के पास गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए। वारदात से क्लासरूम में हड़कंप मच गया। तुरंत इंस्ट्रक्टर सुरेंद्र कुमार ने प्राचार्य जगमिंद्र को अवगत कराया। जिस पर छात्र को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पी.जी.आई. रोहतक रैफर कर दिया गया। 

मामले की सूचना के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी अनिरुद्ध अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। पुलिस ने इंस्ट्रक्टर सुरेंद्र के बयान पर सुमित व कुनाल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।