अवैध संबंधों ने ली महिला की जान, फांसी पर लटका मिला शव

10/6/2017 3:28:57 PM

सोनीपत(पवन राठी): हनुमान नगर में एक महिला का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। महिला के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी पति के पड़ोसन से अवैध संबंधों का विरोध करती थी, जिसके चलते ही उसके पति, पड़ोसी महिला, सास व देवर ने मिलकर उसकी बेटी को फंदे पर लटकाकर मार डाला। पुलिस ने मामले में महिला के पिता के बयान पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 

जानकारी के अनुसार हनुमान नगर की रहने वाली पूजा (26) का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। मामले में पूजा के पिता रोहतक  काठ मंडी निवासी राजेंद्र ने ससुराल पक्ष के लोगों पर उसकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की शादी 7 साल पहले हनुमान नगर के युवक से हुई थी। युवक के पड़ोस की रहने वाली महिला से अवैध संबंध थे। जब उसकी बेटी ने अवैध संबंधों का विरोध करना शुरू किया तो लड़के, उसकी मां, भाई व पड़ोस की महिला ने मिलकर उसकी बेटी को फंदे पर लटकाकर मौत के घाट उतार दिया। 

जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि महिला का शव फंदे पर लटका मिला है। उसके मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। जिस पर 4 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।