Haryana Weather : आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, ट्रैक पर पेड़ गिरने से कई ट्रेनें प्रभावित, यात्रियों को भारी परेशानी

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 07:57 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : तेज आंधी और बारिश के चलते रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर रोलियावास गांव के पास बड़े पेड़ गिर जाने से सड़क और रेलवे ट्रैक दोनों बाधित हो गए। इस अचानक हुए घटनाक्रम से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि एक ट्रेन करीब दो घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। सड़क मार्ग पर भी लगभग एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी के दौरान कई पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे रेलवे ट्रैक और सड़क पर आ गिरे। इस दौरान सड़क से गुजर रही कई गाड़ियों पर भी पेड़ों की शाखाएं और तने गिरने से उन्हें नुकसान पहुंचा। कुछ वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि कई के बॉडी पार्ट क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। पेड़ गिरने से रेल और सड़क यातायात पूरी तरह थम गया। सूचना मिलते ही रेलवे, स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। 

PunjabKesari

मौके पर मौजूद रेलवे के एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि रेलवे विभाग पिछले चार वर्षों में कई बार वन विभाग को पत्र लिखकर ट्रैक के नजदीक खड़े खतरनाक पेड़ों की छंटाई या हटाने की मांग कर चुका है। उन्होंने कहा कि बार-बार अनुरोध के बावजूद वन विभाग की ओर से इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क मार्ग को बहाल किया गया, जबकि लगभग दो घंटे बाद ट्रेन को रेवाड़ी की ओर रवाना किया जा सका। 

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक और मुख्य सड़कों के आसपास खड़े जर्जर व खतरनाक पेड़ों की समय रहते छंटाई की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी संबंधित विभागों से भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static