Haryana: HTET परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम...देरी होने पर ''डायल 112'' करेगी अभ्यर्थियों की मदद
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 10:58 AM (IST)
चंडीगढ़: प्रदेश में 4 व 5 जुलाई को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) इस बार सीईटी की तर्ज पर कड़े सुरक्षा व पारदर्शी इंतजामों के बीच होगी। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में देरी होने पर डायल 112 पर कॉल करने वाले परीक्षार्थियों की पुलिस तुरंत मदद करेगी।
383 केंद्रों पर 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे जिनमें लाख 66 हजार 137 महिलाएं है सीएम नायब सिंह सैनी ने बुधवार को परीक्षा तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी मौजूद रहे। सभी डीसी व एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
कंट्रोल रूम व उड़न दस्ते तैनात : सीएम ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए बोर्ड मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला और मुख्यालय स्तर पर उड़न दस्ते तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर 3 जुलाई तक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें जांचने के निर्देश दिए गए।