हरियाणा को एक हफ्ते में मिलेंगे 2500 नए पटवारी, यहां बनेगा इंडस्ट्रियल टाउनशिप...सीएम सैनी ने की घोषणा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 02:48 PM (IST)

भिवानी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने तोशाम में औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए अगले सप्ताह ई-भूमि पोर्टल खोला जाएगा, जिस पर किसान जमीन पंजीकृत कर सकेंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार को तोशाम में आयोजित तीन दिवसीय उन्नत सिंचाई उत्सव के शुभारंभ पर संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जमीन देने के लिए किसी किसान पर कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा और सरकार उचित मूल्य सुनिश्चित करेगी। वे स्वयं किसान परिवार से हैं और खेती-किसानी की चुनौतियों को भलीभांति समझते हैं। पिछले 11 वर्षों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,160 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में अगले एक सप्ताह के भीतर 2,500 पटवारियों की तैनाती कर दी जाएगी। सीएम ने तोशाम विधानसभा क्षेत्र के लिए 107.61 करोड़ रुपये की छह विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में की गई घोषणाएं डस्टबिन में चली जाती थी लेकिन हमारी सरकार हर वादा समक्बद्ध तरीके से पूरा कर रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा डिप इरिगेशन पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने पर्वतारोही प्रवीण को सम्मानित किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static