जुमलों की सरकार है भाजपा : किरण

2/25/2017 3:53:35 PM

तोशाम (भारद्वाज):कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने खानक पहुंचकर मजदूरों के धरने को समर्थन दिया। उन्होंने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार दोगली नीति अपना रही है। एक तरफ तो खानक में खनन शुरू करवाती है वहीं मजदूरों को उनके रोजगार से बेदखल कर रही है। प्रदेश सरकार केवल जुमलों की सरकार है। सरकार मजदूर विरोधी रवैया अपना रही है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में पहाड़ को चलाने के पूरे प्रयास किए गए परंतु मामला माननीय सुप्रीम कोर्ट में होने के कारण खनन कार्य शुरू नहीं हो सका। प्रदेश सरकार घमंडी हो चुकी है और आज किसी की बात नहीं सुनी जा रही है। प्रदेश सरकार केवल घोषणाओं की सरकार है। विकास कार्यों से सरकार का दूर-दूर तक का नाता नहीं है। खानक पहाड़ क्षेत्र के 20 हजार लोगों की रोजी-रोटी का साधन है। सरकार उनको रोजगार से बेदखल कर उनके साथ घोर अन्याय कर रही है। प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आज हर वर्ग परेशान है और चारों तरफ त्राहिमाम मचा हुआ है। कर्मचारी वर्ग धरने पर बैठे हुए हैं। कहीं एक्सटैंशन लैक्चरार्स अपनी मांगों को लेकर रोष प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में खानक में पेयजल के लिए आर.ओ. सिस्टम लगवाकर लोगों की प्यास बुझाने का काम किए हैं।