खनन को लेकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस फिर आमने-सामने

9/27/2020 4:34:27 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : हरियाणा उत्तर प्रदेश सीमा पर एक बार फिर से पुलिस में टकराव होते-होते टला, जब उत्तर प्रदेश की पुलिस 3 वाहनों का पीछा करते-करते हरियाणा की सीमा में दाखिल हो गई। जिस पर हरियाणा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आठ कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। उसके बाद भारी संख्या में उत्तर प्रदेश की पुलिस सीमा पर पहुंची। वहीं हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बाद में हरियाणा पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के कर्मचारी को उनके अधिकारियों के हवाले कर दिया। 


यमुनानगर में उतर प्रदेश-हरियाणा सीमा पर सीमा को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। ताजा मामला भी इसी से जुड़ा हुआ लग रहा है। जब उत्तर प्रदेश की पुलिस हरियाणा की सीमा में दाखिल हुई और हरियाणा के तीन वाहनों को अवैध माइनिंग में पकड़ लिया। इसी दौरान भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने हरियाणा पुलिस को इसकी सूचना दी ।हरियाणा पुलिस के अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के 8 कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान भारी संख्या में उत्तर प्रदेश पुलिस के कर्मचारी भी अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दोनों राज्यों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।


थाना प्रभारी व उपमंडल अधिकारी मौके पर पहुंचे तो यमुनानगर के दो डीएसपी व पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया की हमारी सीमा में उत्तर प्रदेश पुलिस आई थी। डीएसपी इस मामले की जांच करेंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि यह गलतफहमी में हुआ है जो कर्मचारी उत्तर प्रदेश के हरियाणा सीमा में घुसे हैं वह 2 दिन पहले ही तैनात किए गए थे ।पुलिस अधीक्षक का कहना है कि यह सीमा विवाद हो सकता है। उन्होंने इस संबंध में सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक एवं उपायुक्त से बात की है। उन्होंने कहा कि जरूरी हुआ तो दोनों राज्यों के अधिकारियों की मौजूदगी में दोबारा से सीमा बंदी करवाई जाएगी।


पहला मौका नहीं है जब हरियाणा उत्तर प्रदेश सीमा पर इस तरह के हालात बने हैं। पिछले कई वर्षों से उत्तर प्रदेश हरियाणा सीमा पर कई बार ऐसे हालात बन चुके हैं ।जब उत्तर प्रदेश की पुलिस हरियाणा की सीमा में दाखिल होकर माइनिंग के वाहनों व लोगों को पकड़कर ले जाती है और हरियाणा पुलिस के कर्मचारी फिर उत्तर प्रदेश सीमा में दाखिल होकर कार्रवाई करते हैं ।बार-बार इस तरह की कार्रवाइयों से उत्तर प्रदेश हरियाणा सीमा पर तनाव पूर्ण माहौल हो जाता है। दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बाद में आपस में बातचीत की और हरियाणा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पुलिस कर्मचारी को उनके हवाले किया।

Manisha rana