भाजपा ने फूट डाली और हरियाणा को बर्बाद कर दिया: शैलजा

10/12/2019 7:38:13 PM

पंचकूला(उमंग): पंचकूला में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा है कि कांग्रेस के संकल्प पत्र में समाज के सभी वर्गों के बीच भाईचारा कायम करने को प्राथमिकता दी गई है, क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने हरियाणा के लोगों में फूट डालने के अलावा कुछ किया ही नहीं है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा शुक्रवार को पंचकूला सेक्टर 16 में कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रमोहन के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहीं थी। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल सहित कई बड़े कांग्रेस नेताओं ने चंद्रमोहन के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में शैलजा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को निशाने पर लेते हुए कहा कि पांच साल में जिस तरह से सरकार चली है, उससे प्रदेश के लोग बेहद नाराज हैं। 



समाजिक फूट डालने, प्रदेश को बर्बादी की दिशा में मोडऩेे, लोगों को आपस में लड़वाने, उद्योग धंधों को बंदी के कगार पर पहुंचाने, युवाओं से रोजगार छीनने, बुजुर्गों- महिलाओं का अपमान करने, सरकारी कर्मचारियों से वादाखिलाफी करने के अलावा हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की सरकार ने कुछ किया ही नहीं है। कांग्रेस की सरकार आते ही बेरोजगारों को वजीफे का प्रावधान किया जाएगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजन लाल ने पंचकूला को जिला का दर्जा दिया था। भजन लाल ने पंचकूला को पैरिस बनाने का सपना देखा था, लेकिन जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब तक विकास हुआ। भाजपा का शासन आने के बाद पंचकूला की अनदेखी शुरु हो गई। 

इस अवसर पर शशी शर्मा, सिद्धार्थ बिश्रोई, रविंद्र रावल, प्रदीप छाबड़ा, देवेंद्र बबला, पार्षद मुकेश बस्सी, पूर्व मेयर सुरेंद्र सिंह, पार्षद गुरबक्श रावत, प्रदेश कांग्रेस के चीफ स्पोकसपर्सन बजरंग दास गर्ग, वरिष्ठ नेता प्रताप चौधरी, हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, महिला कांग्रेस की नेशनल कोर्डिनेटर रंजीता मेहता, संजीव भारद्वाज, पूर्व पार्षद कुलजीत बड़ैच आदि मौजूद रहे। 

Shivam