Haryana weather : लोगों को अभी यूं ही तड़पाएगी गर्मी...IMD ने बताया इस दिन से बदलेगा मौसम

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 02:20 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : पूरे उत्तर भारत सहित हिसार में भी भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे तरल पदार्थों का सहारा ले रहे हैं, वहीं पशु-पक्षियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे ढीले और हल्के कपड़े पहनें, ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें तथा बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को दोपहर के समय घर में ही रहने की सलाह दी गई है।

वहीं कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम 29 मई तक आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी और लू चलने की आशंका बनी रहेगी।

हालांकि 29 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की ओर बढ़ने और राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके आंशिक प्रभाव से 29 मई रात से 1 जून के दौरान हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने, धूलभरी हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

डॉ. खीचड़ ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसान दोपहर के समय खेतों में काम करने से बचें और सुबह 10 बजे तक या शाम 5 बजे के बाद ही खेतों में कार्य करें। साथ ही कपास की फसल में बारिश से पहले खरपतवार निकालने की सलाह भी दी गई है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)             


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

static