खेलो इंडिया में हिसा लेंगे हरियाणा के 408 खिलाड़ी, अव्वल को मिलेगा 60 हजार रुपए इनाम

1/30/2018 5:05:46 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा में केंद्र सरकार द्वारा खेलो इंडिया योजना के तहत  31 जनवरी से 8 फरवरी तक होने वाले हैं। जिसमें अंडर-17 स्कूल खेलों में हरियाणा से 408 खिलाड़ी शामिल होंगे। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने इनाम राशि की घोषणा की है। पहले स्थान पर रहने वाले एक खिलाड़ी को 60 हजार रुपए, दूसरे स्थान वाले को 40 हजार और तीसरे स्थान वाले खिलाड़ी को 30 हजार रुपए इनाम दिया जाएगा। 

खेल एवं युवा मामले विभाग के मंत्री अनिल विज ने बताया कि देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा पहली बार विद्यालय स्तर का यह आयोजन किया जा रहा है। इन खेलों के जरिए हर साल देशभर से 1000 बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन्हें अगले 8 साल तक खेलों के विकास के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इस तरह हर साल 1000 नए खिलाड़ी चयनित किए जाएंगे। विज ने बताया कि इनमें हरियाणा से कुल 304 खिलाड़ी व्यक्तिगत तौर पर भाग लेंगे। 

इनमें एथलेटिक्स के 33 खिलाड़ी, आरचरी के 17, बैडमिंटन के 9, जिम्नास्टिक के 24, शूटिंग के 28, जुड़ो के 21, बॉक्सिंग के 62, स्वीमिंग के 13, भारोत्तोलन के 15 और कुश्ती के 82 खिलाड़ी भाग लेंगे। जबकि 104 खिलाड़ी टीम सदस्यों के तौर पर भाग लेंगे। इनमें लड़कों की कब्बडी टीम में 12 खिलाड़ी, लड़कियों की कबड्डी में 12, बास्केटबॉल के 12, लड़के की हॉकी टीम में 16, लड़कियों की हॉकी में 16, लड़कों की फुटबाल टीम में 18 तथा लड़कियों की फुटबाल टीम में 18 खिलाड़ी भाग लेंगे।