हरियाणा में जल्द होगा किसान व कमेरे वर्ग का शासन : अभय चौटाला

5/12/2018 8:34:07 AM

सिरसा(अरोड़ा): सतलुज-यमुना लिंक नहर के पानी को हरियाणा में लाने के लिए लगभग 2 वर्ष से  संघर्ष कर रहे विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने आज इस मुद्दे पर जेल भरो आंदोलन के तहत गृह जिला सिरसा में न केवल भारी तादाद में अपने समर्थकों सहित गिरफ्तारियां दीं, बल्कि अच्छी खासी भीड़ जुटाकर सियासी ताकत का अहसास भी करवाया।

गिरफ्तारियां देने से पूर्व अनाज मंडी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब छल कपट की सरकार के जाने का समय आ रहा है व बहुत जल्द हरियाणा की सत्ता पर किसान व कमेरे वर्ग का शासन होगा। उन्होंने कहा कि इनैलो शुरू से ही जनहितों को लेकर संघर्ष करती आई है और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सत्ता की चाबी आमजन के हाथ में नहीं आ जाती।

उन्होंने कहा कि जब तक सरकार हरियाणा के प्यासे खेतों तक एस.वाई.एल. का पानी नहीं पहुंचाएगी तब तक इनैलो बसपा गठबंधन का संघर्ष जारी रहेगा। इतना ही नहीं दादूपुर नलवी नहर के पुननिर्माण के साथ-साथ मेवात कैनाल में पानी लाने, किसानों को उनकी फसलों के भावों में 50 फीसदी बढ़ौतरी करके स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने और प्रदेश के किसानों के कर्ज माफ करने की मांग भी पूरा कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा।

जब से प्रदेश में इनैलो बसपा का गठबंधन हुआ है तभी से प्रदेश के अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं में चिंता पैदा हो गई है और वे विपरीत टिप्पणियां करने पर आमादा हैं जो यह दर्शाता है कि अल्प समय में ही गठबंधन कितना लोकप्रिय हो गया है।

नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हाल ही में कर्मचारी चयन आयोग की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं में जानबूझकर ब्राह्मण समाज को तिरस्कृत करने के उद्देश्य से एक सवाल पूछा गया जिससे आज पूरा ब्राह्मण समाज आहत होकर सड़कों पर है।

उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए संबंधित व्यक्ति को दंडित करने की बजाए, मुख्यमंत्री ने उनका कार्यकाल बढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया है जबकि उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। सभा को बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, इनैलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भी संबोधित किया। 

Rakhi Yadav