विधानसभा की नई इमारत बनाने की कवायद तेज, चंडीगढ़ से लीज पर जमीन लेने के लिए नया प्रस्ताव तैयार

2/1/2023 7:29:51 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ में विधानसभा की नई इमारत बनाने के लिए जमीन लेने को नई योजना तैयार कर ली है। बहुत जल्द इस योजना को चंडीगढ़ प्रशासक के समक्ष पेश किया जाएगा। जमीन के बदले जमीन पर दिए जाने के प्रस्ताव पर पंजाब की आपत्ति के बाद अब हरियाणा की ओर से लीज होल्ड जमीन का प्रस्ताव दिया जाएगा। हरियाणा की ओर से इसके लिए कई उदाहरण भी दिए गए हैं। इनमें हरियाणा मिनी सचिवालय और पुलिस मुख्यालय की लीज होल्ड जमीन शामिल है।


पंजाब व हरियाणा के सिविल सचिवालय कैपिटल कॉम्प्लेक्स के हिस्से सेक्टर-एक में स्थित हैं। इसके बावजूद दोनों राज्यों ने चंडीगढ़ में ही अगल मिनी सचिवालय बनाए हैं। हरियाणा अब चंडीगढ़ में नई विधानसभा इमारत बनाने की तैयारी में है। इसके लिए जमीन फाइनल हो चुकी है। हरियाणा ने पंचकूला के मनसा देवी में 10 एकड़ जमीन की पेशकश यूटी को की है। हरियाणा ने चंडीगढ़ के कलाग्राम के पास 10 एकड़ भूमि की मांग की है। 

 

चंडीगढ़ व हरियाणा में जमीन के आदान-प्रदान को लेकर सहमति भी बन चुकी है लेकिन पंजाब सरकार इस पर आपत्ति जता रही है। पंजाब की आपत्ति के बाद चंडीगढ़ प्रशासन ने हरियाणा को जमीन देने के संबंध में कोई फैसला नहीं किया है। अब हरियाणा लीज होल्ड जमीन लेने की तैयारी कर रहा है। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को बताया कि चंडीगढ़ में नई विधानसभा इमारत बनाने की बेहद जरूरत है। इस बारे में दोबारा चंडीगढ़ प्रशासन से जल्द ही बातचीत की जाएगी। हरियाणा व चंडीगढ़ के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने पर विचार किया जा रहा है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Writer

Gourav Chouhan