नर्सों के विरोध के बीच हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने दिया इस्तीफा, जानें क्या है पूरा मामला
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 07:33 AM (IST)
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) सिविल अस्पताल में नाबालिग से दुष्कर्म प्रकरण की जांच के दौरान नर्सिंग स्टाफ पर की गई कथित टिप्पणियों को लेकर बढ़े विवाद के बीच हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने सीएम सैनी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

बता दें कि इस मुद्दे पर प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग कर्मचारियों ने सांकेतिक हड़ताल कर विरोध जताया। पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब हाल ही में कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी सिविल अस्पताल में किशोरी के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के लिए रेनू भाटिया अस्पताल पहुंचीं थी। इस मामले में अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान रेनू भाटिया ने अस्पताल प्रशासन और ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कथित तौर पर पूछा कि यदि यह उनकी अपनी बेटियां होतीं तो क्या उन्हें इस तरह अकेला छोड़ा जाता। नर्सिंग कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान उनके प्रति अपमानजनक और असम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इसी के विरोध में पहले कुरुक्षेत्र के अस्पताल में दो घंटे का पेन-डाउन आंदोलन किया गया था और बाद में हरियाणा नर्सिंग फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में भी सांकेतिक हड़ताल हुई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)