ऑनलाइन महासम्मेलन में जुटे देशभर के पीठासीन अधिकारी, हरियाणा ने अभिनव प्रयोगों से लूटी वाहवाही
6/22/2021 9:38:49 PM
चंडीगढ़ (धरणी): डिजिटलाइजेशन, महिला सशक्तीकरण और कोविड काल में प्रभावी भूमिका के निभाने के लिए हरियाणा विधानसभा की राष्ट्रीय फलक पर चर्चा हुई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में आयोजित देशभर के पीठासीन अधिकारियों के ऑनलाइन सम्मेलन में हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने सिलसिलेवार ढंग से यहां हो रहे अभिनव प्रयोगों का ब्योरा पेश किया। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, देश भर की विधान सभाओं के अध्यक्ष और विधान परिषदों के सभापति गदगद दिखाई दिए।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस सम्मेलन का आयोजन गत दो वर्षों में विधान मंडलों की कार्यशैली में आए बदलाव और कोविड काल में उनकी भूमिका की समीक्षा करने के लिए आयोजित किया गया था। सम्मेलन में उपस्थित विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारियों ने अपने यहां हो रहे नवीनतम प्रयोगों की जानकारी दी। इस दौरान उड़ीसा, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा विधान सभा में डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा हुई। हरियाणा विधानसभा के गत बजट सत्र के दौरान 8 मार्च को महिला दिवस के मौके पर महिला सदस्यों को सदन की कार्यवाही सौंपे जाने की दिल खोल कर प्रशंसा हुई।
हरियाणा के अधिकारियों द्वारा विधायकों के फोन न उठाए जाने और इस पर विस अध्यक्ष के संज्ञान के बाद प्रदेश सरकार की ओर से जारी हियायतें भी ऑनलाइन सम्मेलन का हिस्सा बनीं। गुप्ता ने बताया कि 4 नवंबर 2019 के गठित 14वीं विधान सभा में 42 विधायक पहली बार चुनकर आए हैं। इन नवनिर्वाचित विधायकों को प्राथमिकता के आधार सदन में बोलने का अवसर दिया जाता है। प्रश्नकाल के नाम का ड्रा प्रक्रिया से चयन भी उल्लेखनीय उपलब्धी मानी गई। गुप्ता ने बताया कि विधानसभा ने मासिक पत्रिका सदन संदेश का प्रकाशन शुरू कर सदन और सचिवालय की उपलब्धियों की जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
इस प्रकाशन से जनप्रतिनिधी लेखन और अध्ययन के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक धरोधर को लेकर काफी संजीदा है। इस क्रम में विधानसभा के प्रवेश द्वार बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा तथा परिसर के भीतर गीता के प्रतीक स्वरूप कृष्ण-अर्जुन के रथ की प्रतिमा स्थापित की गई है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)