सात दिन में आरोपियों को पकड़ें, नहीं तो करेंगे यमुनानगर बंद: इनेलो

6/13/2017 4:26:55 PM

यमुनानगर(हरिंदर सिंह):पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के भाई पर हुए हमले को लेकर आज इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा एसपी से मुलाकात करने पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे 20 तक इंतज़ार करेंगे लेकिन यदि कुछ न हुआ तो 21 को व्यापारियों और जनता के साथ यमुनानगर को रोष स्वरूप बंद करेंगे। जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, एम.एल.ए. एम.पी. सभी होंगे। केवल ये पूर्व विधायक के भाई पर हमले की बात नहीं आज पूरे प्रदेश की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। एसपी ने कहा कि हम दबाव में नहीं है हम जांच कर रहे हैं। 

इसके साथ ही अरोड़ा ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में जंगल राज है। पूर्व विधयाक दिलबाग सिंह के भाई पर हुए हमले के आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि 14 को इनेलो प्रदेश कार्यकारणी की मीटिंग है वहां भी कई अहम निर्णय होंगे। अरोड़ा ने कहा कि वे सीएम से मांग करते हैं कि गुंडों से सख्ती से निपटे नहीं तो ये प्रदेश बर्बाद हो जाएगा। अगर अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण न मिले तो मैं नहीं समझता कि अपराधी पकड़े न जाए।

अरोड़ा ने कहा कि यमुनानगर में आज ये चर्चाएं हैं कि एक सी.पी.एस. और उसके परिवार के लोग पूर्व विधायक के भाई पर हुए हमले के आरोपियों को बचाने का काम कर रहे हैं। पुलिस की नाकामी तो है लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है जो कि नहीं होना चाहिए। वहीं बिना शाम सिंह राणा का नाम लिए अरोड़ा इतना बोल गए कि यमुनानगर से ही एक सी.पी.एस. हैं जो इन लोगों को बचाने का काम कर रहा है। अरोड़ा ने चाहे नाम न लिया हो लेकिन सीधा निशाना शाम सिंह राणा पर ही है  क्योंकि यमुनानगर की रादौर विधानसभा से वे एम.एल.ए. और सी.पी.एस. भी हैं।