चेयरमैन के बेटे को गर्म रॉड से पीटा, ICU में भर्ती

4/13/2017 2:33:37 PM

यमुनानगर(सतीश):मार्कीट कमेटी जगाधरी के चेयरमैन अधिवक्ता संजीव गर्ग के बेटे पुनीत गर्ग को अज्ञात युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल का इलाज निजी अस्पताल के आई.सी.यू. में चल रहा है। चेयरमैन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गत रात उसका बेटा पुनीत अन्य 3 साथियों के साथ सिविल लाइन स्थित चाप (फास्ट फूड) की रेहड़ी पर खड़ा था। वहां कुछ लड़के आए और उन्होंने इशांत के बारे पूछा तो पुनीत सहित अन्य ने बताया कि उनमें इशांत नाम का लड़का नहीं है। इतने में उन युवकों ने गऊ शाला ग्राऊंड में जाने का दबाव बनाया। पुनीत व अन्य ने मना कर दिया। इतना सुनकर वे वापस चले गए। थोड़ी ही देर बाद दोबारा अन्य युवकों के साथ उसी रेहड़ी पर वापस आ गए। "

इस बार उन्होंने पुनीत को पूछा कि तेरा नाम क्या है। उसने बताया कि पुनीत हूं और मार्कीट कमेटी के चेयरमैन संजीव गर्ग का बेटा हूं। इतना सुनते ही उन्होंने लोहे की गर्म रॉड से हमला कर दिया। चेयरमैन का कहना है कि पुलिस को शिकायत दे दी गई है और वे अब तक कि कार्रवाई से संतुष्ट हैं। सिटी एस.एच.ओ. जगाधरी सुनील कुमार ने बताया कि घायल के बयान लिए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाए।