पहले टांगे फिर सिर के किए दो हिस्से, हाईवे पर शव रख किया वाहेगुरु का जाप

7/11/2017 3:03:43 PM

यमुनानगर(सुमित अोबरॉय):जगाधरी के लोहरान मोहल्ला के मंदीप सिंह (20) के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मृतक के परिजनों व रिश्तेदारों ने जगाधरी-पौंटा नैशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों ने सोमवार को बूडिय़ा चुंगी पर शव को हाईवे के बीच में रख दिया और टैंट (सफेद चादर) लगा दिया। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर वाहेगुरु का जाप किया। यहां डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा। डी.एस.पी. बिलासपुर रणधीर सिंह व एस.डी.एम. जगाधरी भारत भूषण कौशिक ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत कर आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द करने का आश्वासन दिया तब जाकर दोपहर सवा 1 बजे लोगों ने जाम खोला।

उल्लेखनीय है कि रविवार चारों दोस्त दो बाइक पर पश्चिमी यमुना नहर में नहाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे शहजादपुर गांव के पास पहुंचे पीछे से कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने सोचा कि एक्सिडेंट हुआ है। कार रुकते ही पांच युवक हथियार लेकर बाहर निकले। उन्होंने मंदीप पर हमला कर दिया। उसकी टांगों पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। जाते-जाते उन्होंने मंदीप के सिर में वार किया और उसके सिर के दो हिस्से कर दिए। हमले के दौरान मंदीप का दोस्त अंकित झाड़ियों में छिपा रहा और आकाश वहां से दूर चला गया। मृतक के दोस्त विशाल गौरी ने बताया कि नहाकर वे गांव शहजादपुर से कुछ आगे निकले थे। तभी पीछे से अल्टो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें मंदीप सड़क किनारे खाई में जा गिरा। वहीं अंकित झाड़ियों में गिरा वहीं छिप गया। कार से पांच हथियाबंद युवक आए और उसे कहा बीच में न आए उससे दुश्मनी नहीं है। फिर हमलावरों ने पहले तो मंदीप की टांगें तेजधार हथियार से काट दी फिर जाते समय एक ने मंदीप के सिर में कुल्हाड़ी से वार कर सिर के दो हिस्से कर दिए। हमलावरों ने अपनी कार की आगे व पीछे की नंबर प्लेट तोड़ कार में रख ली और फरार हो गए।

ऐसे शुरू हुआ था दोनों गुटों में विवाद
4 जुलाई अमादलपुर निवासी प्रिंस और अभिषेक कार में जा रहे थे। वहां अंकित और मंदीप खड़े थे। अंकित ने बताया कि प्रिंस और अभिषेक ने उन्हें चाकू दिखाया। इस पर उन्होंने प्रिंस और अभिषेक पर हमला कर दिया। अंकित ने बताया कि अगले दिन प्रिंस से समझौता हो गया। बताया जा रहा कि उसी दिन सिविल लाइन पर भटौली के दो युवकों पर चाकू से हमला किया था। उसमें भी मृतक पक्ष के लोगों का नाम आया। बताया जा रहा है कि दोनों ग्रुपों का पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। मृतक के पिता प्रीतपाल सिंह का कहना है कि उनका बेटा फैक्ट्री में काम करता था। उनके दो बेटे हैं। मंदीप बड़ा बेटा था। रविवार को वह फैक्ट्री में नहीं गया था और बिना बताए घर से चला गया था।