ठेकेदार ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखी वजह

5/2/2017 2:25:39 PM

यमुनानगर(सुमित ओबेराय):आर्थिक संकट से जूझ रहे ठेकेदार गगनदीप कालड़ा वासी प्रोफैसर कालोनी ने दुसानी के नजदीक ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना गत सुबह अढ़ाई बजे के लगभग की है। स्टेशन मास्टर के जरिए जी.आर.पी. को जानकारी मिली, जिसके बाद जी.आर.पी. एस.एच.ओ. सुरेश कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। जांच के दौरान मृतक के बटुआ से एक सुसाइड नोट भी मिला। जोकि अंग्रेजी रोमन में लिखा गया है। आगे पीछे लिखे इस सुसाइड नोट में मृतक ने 4 लोगों को मौत का जिम्मेदार बताया है। जी.आर.पी. ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद हुडा सैक्टर-17 के श्मशान घाट में उसका संस्कार कर दिया गया। 

लेने थे 22 लाख रुपए
मृतक गगनदीप ने सुसाइड नोट में लिखा है कि पुरानी हमीदा के सर्वजीत सिंह के 22 लाख रुपए लेने थे। हर बार वह उसे टरका देता था। ब्याज लेने वाले उसे तंग कर रहे थे। कालड़ा से बरामद सुसाइड नोट को पढ़ने के बाद जी.आर.पी. के जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक ने सर्वजीत सिंह अय्याश बताया है। इसी वजह से उसे घर से निकाल दिया गया। वहीं कालड़ा के चैक पर 1 लाख रुपए ले लिया। उसका ब्याज उसे देना पड़ा। एक्सीडैंट के दौरान भी सर्वजीत ने उसके नाम पर पैसे ले लिए और उसे फंसा दिया। 22 लाख देने के मामले में हर बार उसे यही बोलता कि वापस कर दूंगा। नोट में यह भी कहा गया है कि सर्वजीत ने सोने की चेन गिरवी रखी थी और कहा था कि मिलते ही उसे बेचकर पैसे वापस कर दूंगा जबकि उसने पैसे वापस करने की बजाय चेन छुड़वाकर बेच दी। 

देने थे 4 लाख 80 हजार
मृतक ने सुसाइड नोट में लिखा कि पुराना हमीदा के राजेन्द्र कुमार के डेढ़ लाख देने थे। हरबंसपुरा के मोहित कपिला के 80 हजार देने थे। इसी तरह जगाधरी के आकाश गर्ग के अढ़ाई लाख देने थे। कुल उसे 4 लाख 80 हजार देने थे। उसने कहा है कि यदि 22 लाख मिलते तभी तो वह यह पैसे दे पाता। पैसा मांगने वाले दबाव बना रहे थे। उस पर यह भी दबाव था कि यदि पैसे न दिए तो वह व उसके भाई के चैक लगा देंगे। 

4 के खिलाफ किया मामला दर्ज
जी.आर.पी. के सब-इंस्पैक्टर एवं जांच अधिकारी जसविंद्र सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर सर्वजीत सिंह, राजेन्द्र कुमार, मोहित कपिला व आकाश गर्ग के खिलाफ धारा-306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में मृतक के भाई शुभम कालड़ा व चाचा सुनील कालड़ा ने भी बयान दर्ज करवाए हैं। कार्रवाई जारी है। जल्द ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।