हरियाणा के युवक की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

11/6/2023 10:10:17 AM

करनाल : करनाल जिले के बस्तली गांव के एक युवक की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक करीब एक साल पहले डोंकी से अमेरिका गया था। युवक की मौत के बाद से परिवार में मातम पसरा है। उसके तीन छोटे छोटे बच्चे हैं। अमेरिकन पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, लेकिन सवाल यह है कि क्या युवक का शव भारत लाया जाएगा या फिर अमेरिका में ही दाह संस्कार करवाया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक परिवार ने करीब 35 लाख रुपए खर्च किए थे। वह अमेरिका की कैलिफोर्निया में अपने दोस्तों के साथ काम करके अच्छा कमा रहा था। बस्तली गांव का युवक अशोक कुमार उर्फ शौकी (30) शनिवार को अपने दोस्त कैथल के गांव बुच्ची निवासी के साथ कार में सवार होकर अपने काम पर जा रहा था। जैसे ही उनकी कार मेन सड़क पर पहुंची तो तभी एक तेज रफ्तार कार आई और उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन सबसे ज्यादा चोटें अशोक को आई थी। कुछ ही मिनटों में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।  उन्होंने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भिजवाया, जहां पर डॉक्टरों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। 

घर में इकलौता कमाने वाला था अशोक 

मृतक अशोक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। अशोक ही घर में इकलौता कमाने वाला था, उसकी मौत के बाद परिवार का सब कुछ छीन गया। वह अपनी जमीन बेचकर व रिश्तेदारों से कर्ज लेकर विदेश गया था। वह कमा जरूर रहा था, लेकिन अभी तक अपना कर्ज का पैसा भी नहीं जोड़ पाया था। परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं है। मृतक के शरीर को अमेरिका से भारत लाने के लिए लाखों रुपए खर्च होते हैं और परिवार के हालात ऐसे नहीं हैं कि लाखों रुपए खर्च कर सके। परिवार ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है ताकि उनके बेटे का शव भारत वापस आ सके।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana