नहाते समय नहर में बह गई हरियाणवी कलाकार, तलाश में जुटे गोताखोर

7/6/2022 5:15:56 PM

कोसली (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले में हरियाणावी कलाकार दीपांशी दीवान नहर में डूबने का मामला सामने आया है। पुलिस और गोताखोर नहर में उसकी तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम के दौलताबाद की रहने वाली हरियाणवीं कलाकार 23 वर्षीय दीपांशी दीवान अपने मामा के घर कोसली के गांव तुम्बाहेड़ी में किसी शादी प्रोग्राम में गई हुई थी। आज हिसार से शूटिंग कर वापस अपने मामा के लड़के के साथ तुम्बाहेड़ी पहुंची थी। 

बताया जा रहा है कि रास्ते में उसने कोसली नहर को देखा और फिर घर जाकर नहर में नहाने की जिद की। परिजनों ने उसे नहर में नहाने जाने से मना भी किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दोपहर के वक्त दीपांशी, उसकी मां तथा मामा का लड़का और लड़की चारों नहर पर पहुंच गए। वह नहर के पास बनी सीढ़ियों पर बैठ कर नहा रही थी। नहाते समय दीपांशी दीवान अचानक गहरे पानी की तरफ बह गई। मामा के लड़के ने बचाने की कोशिश भी की, लेकिन बचा नहीं पाया। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। अभी पुलिस और गोताखोर उसे नहर में तलाश करने में जुटे हुए है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana